रणवीर सिंह के 'प्रलय' छोड़ने की खबरों में कितनी सच्चाई? प्रोडक्शन हाउस ने साफ की स्थिति
क्या है खबर?
रणवीर सिंह के फैंस के लिए एक बड़ी राहत वाली खबर सामने आई है। चर्चा थी कि रणवीर ने जय मेहता की जॉम्बी थ्रिलर फिल्म 'प्रलय' छोड़ दी है, लेकिन अब इन तमाम अफवाहों पर विराम लग गया है। ताजा जानकारी के मुताबिक, फिल्म 'प्रलय' को लेकर कोई अड़चन नहीं है और इसकी शूटिंग की तैयारी जोरों पर है। रिपोर्ट्स की मानें तो रणवीर अगस्त] 2026 से इस बड़े बजट की फिल्म की शूटिंग शुरू कर देंगे।
चर्चा
जय मेहता से अनबन के बाद रणवीर ने किया 'प्रलय' से किनारा?
'धुरंधर' फ्रैंचाइजी के रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन ने रणवीर को सफलता की नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है, और अब सबकी नजरें उनके अगले कदम पर टिकी हैं। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में ये दावा किया जा रहा था कि फिल्म 'प्रलय' के निर्माण में कुछ बड़ी बाधाएं आ गई हैं। निर्देशक जय मेहता के साथ रचनात्मक मतभेदों के चलते उन्होंने ये फिल्म छोड़ दी है और अब ये फिल्म ठंडे बस्ते में चली गई है।
खारिज
प्रोडक्शन हाउस ने अफवाहों को किया खारिज
उधर वैराइटी इंडिया के मुताबिक, प्रोडक्शन हाउस से जुड़े एक सूत्र ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 'प्रलय' अपने तय शेड्यूल पर है और इसकी शूटिंग अगस्त 2026 में शुरू होने वाली है। अनिश्चितता की खबरें पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। रणवीर और जय लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने स्क्रिप्ट फाइनल कर ली है। फिल्म का प्री-प्रोडक्शन शुरू हो चुका है और टीम एक भव्य नजारा पेश करने की तैयारी में है।
स्तर
'प्रलय' बदलेगी जॉम्बी फिल्मों की परिभाषा
ये एक VFX से लबरेज एक्शन थ्रिलर है, जो तबाही के बाद की दुनिया और बैकड्रॉप पर आधारित है। फिल्म में जॉम्बी जॉनर को ऐसे अंदाज में पेश किया जाएगा, जैसा हिंदी सिनेमा में पहले कभी नहीं देखा गया। जय मेहता पिछले एक साल से इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। इसे लगभग 300 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट के साथ तैयार किया जा रहा है। फिल्म की कहानी जय और 'लुटेरे' के लेखक विशाल कपूर ने लिखी है।
लुक
'प्रलय' के लिए रणवीर बदलेंगे अपना हुलिया
रणवीर 'प्रलय' को लेकर उत्साहित हैं, क्योंकि ये उनके लिए एक नई दुनिया जैसा अनुभव होगा। इस फिल्म के लिए वो एक अनोखा लुक अपनाने की तैयारी में हैं। फिल्मों के चुनाव की बात करें तो रणवीर ने फिलहाल कोई नया प्रोजेक्ट साइन नहीं किया है। हालांकि, चर्चा है कि वो आदित्य धर के साथ एक और फिल्म के लिए बातचीत कर रहे हैं। योजना है कि 'प्रलय' की शूटिंग के बाद वह उनके अगले प्रोजेक्ट पर काम शुरू करेंगे।