LOADING...
राम मंदिर चंदा विवाद: सरकार ने SIT गठित की, कर्मचारी के घर से मिले 10 लाख रुपये
अयोध्या राम मंदिर चंदा विवाद की जांच SIT करेगी

राम मंदिर चंदा विवाद: सरकार ने SIT गठित की, कर्मचारी के घर से मिले 10 लाख रुपये

लेखन आबिद खान
Jun 14, 2026
11:54 am

क्या है खबर?

अयोध्या के राम मंदिर में दान की राशि में गड़बड़ी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। विवाद बढ़ने पर राज्य सरकार ने 3 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। इसमें लखनऊ संभागीय आयुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस महानिरीक्षक किरण एस और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन शामिल हैं। वहीं, मंदिर के एक कर्मचारी के घर से 10 लाख रुपये बरामद होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

कर्मचारी

कर्मचारी के घर से मिले 10 लाख, 4 महीने पहले मंदिर से जुड़ा

जांचकर्ताओं ने अयोध्या के रुदौली क्षेत्र के मीनापुर ठकुरन फगौली गांव के रहने वाले लवकुश के घर से 10 लाख रुपये बरामद किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, लवकुश मंदिर में चढ़ावे की राशि गिनने का काम करता था और 4-5 महीने पहले ही मंदिर से जुड़ा था। बताया जा रहा है कि लवकुश को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जांचकर्ता मामले से उसके संभावित संबंधों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।

जांच

कई लोग जांच के दायरे में- रिपोर्ट

इंडिया टुडे के मुताबिक, दान की गिनती से जुड़े कई कर्मचारी जांच के दायरे में हैं। विशेष अभियान समूह (SOG) CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी और दूसरे साक्ष्यों की जांच करते हुए व्यापक छानबीन कर रहा है। अधिकारियों ने अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस, जिला प्रशासन या मंदिर ट्रस्ट की ओर से अभी तक इस मामले में गिरफ्तारी या बरामदगी के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Advertisement

शुरुआत

समाजवादी पार्टी ने उठाया था मुद्दा

समाजवादी पार्टी के नेता पवन पांडेय ने 7 जून को दावा किया था कि राम मंदिर से 5-7 करोड़ रुपये तक की चोरी की गई। इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी ऐसे ही आरोप लगाए और कोर्ट से मामले का स्वतः संज्ञान लेने का आग्रह किया। इसके बाद भाजपा नेता रजनीश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर ट्रस्ट के वित्त, दान, खर्च, बैंक खातों और भूमि लेनदेन का सार्वजनिक खुलासा करने की मांग की थी।

Advertisement

बयान

विनय कटियार बोले- चोरी लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ विश्वासघात होगा

राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे भाजपा नेता विनय कटियार ने कहा, "राम मंदिर महज एक धार्मिक संरचना नहीं है; यह दशकों के संघर्ष, बलिदान और भक्ति का प्रतीक है। मंदिर से जुड़ा कोई भी भ्रष्टाचार या चोरी लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ विश्वासघात होगा।" उन्होंने घोषणा की कि वे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मिलेंगे और एक ज्ञापन सौंपेंगे जिसमें दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी और अभियोजन की मांग की जाएगी।

कोर्ट

जांच की मांग को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दायर

मामले की जांच की मांग को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में एक जनहित याचिका भी दायर की गई है। ये याचिका स्थानीय वकील मोहित अशोक ने दायर की है। इसमें चोरी के दावे की जांच CBI से कराने की मांग की गई है। साथ ही चढ़ावे का ऑडिट नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) से कराने की भी मांग की गई है। इस बीच मंदिर समिति की भी 2 बार बैठक हुई है।

Advertisement