श्रीलंका ने दूसरे टी-20 में वेस्टइंडीज को हराया, सीरीज में हासिल की बराबरी
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम ने दूसरे टी-20 मैच में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को 37 रन से हराते हुए 3 मैचों की सीरीज में फिलहाल 1-1 से बराबरी हासिल की। किंग्स्टन में खेले गए मैच में मेहमान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 194/6 का स्कोर बनाया, जिसमें कामिल मिशारा (61) और दासुन शनाका (58) ने अर्धशतक लगाए। जवाब में मेजबान टीम 157 रन पर सिमट गई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
श्रीलंका ने दर्ज की जोरदार जीत
श्रीलंका से पथुम निसांका (7) के जल्दी आउट होने के बाद कुसल मेंडिस (31) और मिशारा ने पारी को संभाला। इसके बाद शनाका ने 241.67 की स्ट्राइक रेट से 58 रन की पारी खेलते हुए टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में ब्रैंडन किंग (2) और शाई होप (6) के रूप में सलामी बल्लेबाज आउट हुए। इसके बाद शिमरोन हेटमायर (36) और रोवमैन पॉवेल (43) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
मिशारा
मिशारा ने लगाया अर्धशतक
श्रीलंका ने 40 रन के स्कोर पर जब अपना पहला विकेट गंवाया, तब मिशारा क्रीज पर आए। नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आई मिशारा ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। उन्होंने 40 गेंदों में नाबाद 61 रन बनाए। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के लगाए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 23 पारियों में 26.90 की औसत और 130.90 की स्ट्राइक रेट से 538 रन बनाए।
दासुन शनाका
दासुन शनाका ने खेली उम्दा पारी
श्रीलंका ने जब 88 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खोया, तब शनाका क्रीज पर आए। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का नौवां और वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला अर्धशतक लगाया। इस ऑलराउंडर ने मैच में 24 गेंदों का सामना करते हुए 58 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल थे। अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 129.68 की स्ट्राइक रेट से 1,992 रन बनाए हैं।
श्रीलंका
श्रीलंका के गेंदबाजों ने किया कमाल
श्रीलंका के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें दुष्मंथा चमीरा सबसे आगे रहे। उन्होंने 3.1 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 3 विकेट लिए। वानिंदु हसरंगा ने भी अपने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लिए। डुनिथ वेलालागे (2/28) और महेश थीक्षाना (1/34) ने क्रमशः 2 और 1 विकेट हासिल किए। श्रीलंका की उम्दा गेंदबाजी के ही चलते वेस्टइंडीज की पारी 18.1 ओवर में सिमट गई।