LOADING...
अभिनेता सलीम कुमार ने दुनिया को कहा अलविदा, ममूटी समेत इन सितारों की आंखें हुईं नम
दिग्गज अभिनेता सलीम कुमार नहीं रहे

अभिनेता सलीम कुमार ने दुनिया को कहा अलविदा, ममूटी समेत इन सितारों की आंखें हुईं नम

Jun 07, 2026
09:43 am

क्या है खबर?

मलयालम सिनेमा के इतिहास का एक और सुनहरा पन्ना हमेशा के लिए बंद हो गया है। अपनी बेहतरीन कॉमेडी से दर्शकों को लोटपोट करने वाले और अपनी संजीदा अदाकारी से आंखों में आंसू ला देने वाले दिग्गज अभिनेता सलीम कुमार का निधन हो गया है। उनके जाने से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। ममूटी, मोहनलाल और पृथ्वीराज सुकुमारन समेत सिनेमा जगत के तमाम बड़े सितारों ने नम आंखों से इस महान कलाकार को भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।

दुखद

कोच्चि के अस्पताल में ली अंतिम सांस

मलयालम सिनेमा के दिग्गज और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता सलीम कुमार का शनिवार को कोच्चि में निधन हो गया। 56 वर्ष की आयु में दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। दरअसल, शनिवार को सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें कोच्चि के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।

भावुक श्रद्धांजलि

'हंसाने वाला अब सिर्फ आंसू दे गया...'

सलीम के निधन से टूटे सुपरस्टार ममूटी ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'सलीम... जो खुद हंसता था और दूसरों को हंसाता था, जो खुद सोचता था और दूसरों को सोचने पर मजबूर करता था और जो कभी-कभी खुद रोकर दूसरों को भी रुला देता था। आज, तुम जो कुछ भी कर रहे हो, उससे सिर्फ मेरी आंखों में आंसू आ रहे हैं। तुम्हारा जाना मेरे लिए एक ऐसा अंतहीन दुख बन गया है जो कभी खत्म नहीं होगा।"

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

ममूटी ने किया ये पोस्ट

Advertisement

शोक

विपक्ष के नेता वीडी सतीशन हुए भावुक

विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने लिखा, ' वो मेरे लिए सिर्फ हंसी के राजकुमार नहीं थे। सलीम बेहद गहरे स्तर पर जुड़े हुए इंसान थे, जो अपने राजनीतिक विचारों में निडर थे और गर्व से कहते थे कि वो कांग्रेस संग खड़े हैं। एक ऐसे बहुमुखी प्रतिभा के धनी कलाकार, जो एक ही चेहरे से हमें हंसा भी सकते थे और रुला भी सकते थे। मलयालम सिनेमा ने एक महान अभिनेता खो दिया है और मैंने अपना एक भाई।'

दुख

इन सितारों ने भी दी श्रद्धांजलि

अभिनेता-फिल्म निर्माता पृथ्वीराज सुकुमारन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, "अलविदा सलीम एट्टा। यादों के लिए आपका शुक्रिया।' अभिनेत्री मंजू वारियर ने सलीम की तस्वीरों का कोलाज साझा कर लिखा, 'वो अभिनेता, जो अपनी कला और यादों के जरिए हमेशा जीवित रहता है।' सलीम को फिल्म 'अचनुरांगथा वीडू' के लिए सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेता का केरल राज्य फिल्म पुरस्कार मिला था। फिल्म 'अदामिन्ते मकन अबू' में मुख्य भूमिका के लिए उन्होंने राष्ट्रीय पुरस्कार और अपना दूसरा केरल राज्य फिल्म पुरस्कार अपने नाम किया।

करियर

मिमिक्री से शुरुआत कर मलयालम सिनेमा के 'कॉमेडी किंग' बने थे सलीम कुमार

लोकप्रिय थिएटर और मिमिक्री कलाकार सलीम कुमार ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1997 में आई मलयालम फिल्म 'इष्टमानु नूरु वट्टम' से की थी। हालांकि, उन्हें 2000 के दशक में निभाए गए शानदार कॉमेडी किरदारों से व्यापक पहचान और सफलता मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो लंबे समय से लीवर संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। उनका अंतिम संस्कार 7 जून को दोपहर 3 बजे एर्नाकुलम के नॉर्थ परवूर स्थित उनके आवास पर किया जाएगा।

Advertisement