धनुष ने अपनी कलम को बना डाला हथियार, देखिए फिल्म 'मारन' का ट्रेलर

सुपरस्टार धनुष पिछली बार फिल्म 'अतरंगी रे' में दिखे थे। हमेशा की तरह इसमें भी उन्होंने अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया था। धनुष की आने वाली हर फिल्म का प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार है। 'मारन' भी उनकी आगामी बहुचर्चित फिल्मों में शुमार है, जिसमें धनुष एक अलग ही अवतार में नजर आने वाले हैं। अब उनकी इस तमिल फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज हो गया है। आइए देखते हैं इसमें कैसा है धनुष का अंदाज।
ट्रेलर में धनुष जबरदस्त एक्शन अवतार में दिख रहे हैं। वह एक ऐसे खोजी पत्रकार बने हैं, जो सच जनता के सामने रखने के लिए अपनी जान की बाजी लगाने को भी तैयार है। वह सच्चाई सामने लाने पर पूरा जोर देता है और अपनी कलम को ही अपना हथियार बना देता है। इसमें मालविका मोहनन के साथ उनके रोमांस की झलक भी देखने को मिली है, वहीं मारन की बहन का किरदार भी कहानी में महत्वपूर्ण लग रहा है।
मारन में रोमांच की कमी नहीं है, वहीं धनुष जिस तरह अपनी कलम की नोंक के जरिए गुंडों से निपट रहे हैं, वो भी देखने लायक है। धनुष-मालविका की केमिस्ट्री और बहन के साथ उनकी नोक-झोंक ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
फिल्म 'मारन' के निर्देशक कार्तिक नरेन हैं। इसमें धनुष के साथ मालविका के अलावा मास्टर महेंद्रन, समुथीराकनी, स्मृति वेंकट और कृष्ण कुमार भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। गीतकार विवेक के लिखे गीतों को फिल्म में संगीतकार जी वी प्रकाश ने सुरों से सजाया है। धनुष की फिल्मों में संगीत हमेशा से मजबूत पक्ष रहा है। निर्माताओं को उम्मीद है कि वे इसे तमिल के अलावा दूसरी भारतीय भाषाओं में डब करके देशभर के दर्शकों को आकर्षित करने में सफल रहेंगे।
ट्रेलर के साथ-साथ निर्माताओं ने 'मारन' की रिलीज डेट भी जारी कर दी है। फिल्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर 11 मार्च को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म के साथ धनुष की सीधे OTT पर रिलीज होने वाली फिल्मों की हैट्रिक हो गई है। इससे पहले उनकी दो फिल्में 'जगमे थंडीरम' और 'अतरंगी रे' भी सीधे OTT प्लेटफॉर्म पर ही रिलीज हुई। 'जगमे थंडीरम' नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई थी, वहीं 'अतरंगी रे' हॉटस्टार पर दर्शकों के बीच आई थी।
धनुष रूसो ब्रदर्स की अगली फिल्म 'द ग्रे मैन' में अहम भूमिका निभाने वाले हैं। यह धनुष का दूसरा हॉलीवुड प्रोजेक्ट है। इससे पहले वह 2018 में केन स्कॉट के निर्देशन में बनी इंग्लिश फिल्म 'द एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी जर्नी ऑफ फकीर' में लीड रोल में दिखे थे। 'नाने वरुवेन भी धनुष के खाते से जुड़ी है, जिसके निर्देशन की कमान उनके भाई सेल्वराघवन ने संभाली है। 'वाथी' और 'थिरुचित्रम्बलम' भी उनकी आगामी तमिल फिल्में हैं।