डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होगी धनुष और मालविका की फिल्म 'मारन'
पैन इंडिया स्टार धनुष आने वाले दिनों में एक से बढ़कर एक फिल्मों में नजर आएंगे। 'मारन' भी उनकी आगामी बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। फिल्म से जुड़ीं अब तक कई जानकारियां सामने आ चुकी हैं। अब यह साफ हो गया है कि धनुष और मालविका मोहनन की यह फिल्म सिनेमाघरों में नहीं, बल्कि OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी। मालविका ने सोशल मीडिया पर यह ऐलान किया है। आइए जानते हैं उन्होंने अपने पोस्ट में क्या लिखा।
जारी हुआ फिल्म का नया पोस्टर
मालविका मोहनन ने ट्विटर पर लिखा, 'हमारी तरफ से आप सभी को हैप्पी वैलेंटाइन डे। जल्द ही 'मारन' के साथ आपको डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर मिलेंगे।' स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने भी सोशल मीडिया पर आज फिल्म की OTT रिलीज का ऐलान कर दिया है। 'मारन' का नया पोस्टर फैंस को बेहद पसंद आ रहा है। इसमें धनुष और मालविका का रोमांटिक अंदाज देखने को मिल रहा है। फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान अभी नहीं हुआ है।
यहां देखिए पोस्टर
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
इस फिल्म के साथ धनुष की सीधे OTT पर रिलीज होने वाली फिल्मों की हैट्रिक हो गई है। इससे पहले उनकी दो फिल्में 'जगमे थंडीरम' और 'अतरंगी रे' भी सीधे OTT पर ही रिलीज हुई। 'जगमे थंडीरम' नेटफ्लिक्स तो 'अतरंगी रे' हॉटस्टार पर स्ट्रीम हुई।
जानिए फिल्म 'मारन' के बारे में
फिल्म 'मारन' के निर्देशक कार्तिक नरेन हैं। इसमें धनुष के साथ मालविका के अलावा मास्टर महेंद्रन, समुथीराकनी, स्मृति वेंकट और कृष्ण कुमार भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। गीतकार विवेक के लिखे गीतों को फिल्म में संगीतकार जी वी प्रकाश ने सुरों से सजाया है। धनुष की फिल्मों में संगीत हमेशा से मजबूत पक्ष रहा है। निर्माताओं को उम्मीद है कि वे इसे तमिल के अलावा दूसरी भारतीय भाषाओं में डब करके देशभर के दर्शकों को आकर्षित करने में सफल रहेंगे।
फिल्म में खोजी पत्रकार बने हैं धनुष
बता दें कि निर्माता पहले इस फिल्म को सिनेमाघरों में ही रिलीज करना चाहते थे, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसकी डिजिटल रिलीज का फैसला किया गया। फिल्म में धनुष एक खोजी पत्रकार की भूमिका निभाने वाले हैं। ऐसी भूमिका में उन्हें पहले कभी नहीं देखा गया। फिल्म में उनका एक्शन अवतार देखने को मिलेगा। धनुष रुसो ब्रदर्स की अगली फिल्म 'द ग्रे मैन' में अहम भूमिका निभाने वाले हैं। 'नाने वरुवेन, 'वाथी' और 'थिरुचित्रम्बलम' उनकी आगामी तमिल फिल्में हैं।
साउथ का लोकप्रिय नाम हैं मालविका मोहनन
मालविका साउथ की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं। पिछली बार वह फिल्म 'मास्टर' में नजर आईं, जिसमें उनकी अदाकारी और अंदाज की काफी सराहना हुई। सोशल मीडिया पर मालविका काफी सक्रिय रहती हैं। उनकी ग्लैमरस तस्वीरें अक्सर वायरल होती हैं। मालविका मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। उन्होंने ईशान खट्टर के साथ फिल्म 'बियॉन्ड द क्लाउड्स' से बॉलीवुड में कदम रखा था। वह फिल्म 'युधरा' में नजर आएंगी। इसमें उनकी जोड़ी अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ बनी है।