किम कार्दशियन ने महिला अफगान फुटबॉल खिलाड़ियों की ब्रिटेन जाने में की मदद

रियलिटी टीवी स्टार किम कार्दशियन ने दुनियाभर में अपनी लोकप्रियता हासिल की है। अक्सर वह अपने रिलेशनशिप और उससे जुड़े विवादों को लेकर सुर्खियों में बनी रहती हैं। अब उन्होंने एक ऐसी पहल की है, जिसको लेकर हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। जानकारी सामने आ रही है कि उन्होंने महिला अफगान फुटबॉल खिलाड़ियों को पाकिस्तान से ब्रिटेन पहुंचाने में मदद की है। इसके लिए उन्होंने उनकी फ्लाइट का खर्च उठाया है।
पाकिस्तान में शरण लिए हुए थे खिलाड़ी और उनके परिवार
महिला युवा विकास फुटबॉल टीम और उनके परिवारों को पाकिस्तान से ब्रिटेन पहुंचाया गया है। जब तालिबान ने अफगानिस्तान पर कब्जा जमा लिया था, तो वे अफगानिस्तान से भागने के बाद अस्थायी रूप से पाकिस्तान में शरण लिए हुए थे। अब फुटबॉल क्लब लीड्स यूनाइटेड समेत कई संगठन खिलाड़ियों के पुनर्वास और मदद के लिए आगे आए हैं। अभिनेत्री कार्दशियन ने भी इस पहल में मदद का हाथ बढ़ाया है।
तालिबान के कब्जे के बाद अफगानिस्तान में महिलाओं की स्थिति खराब
अगस्त में जब से तालिबान ने अफगानिस्तान पर अपना नियंत्रण हासिल किया है, महिलाओं के साथ उनके व्यवहार के लिए उनकी आलोचना की जाती रही है। ये अलग बात है कि शुरुआत में तालिबान सरकार ने महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण की बात कही थी। हालांकि, बाद में उनके तेवर बदल गए। इसके बाद तालिबान शासकों की तरफ से कहा गया कि महिलाओं का इस्लामिक कानूनों के दायरे में रहकर काम करना होगा।
खिलाड़ी समेत 130 लोगों को चार्टर्ड फ्लाइट से पहुंचाया गया लंदन
कार्दशियन की मदद के बाद 35 फुटबॉलर और उनके परिवार वाले गुरुवार की सुबह लंदन पहुंचे। उनके लिए चार्टर्ड फ्लाइट का इंतजाम किया गया था। फुटबॉल खिलाड़ियों समेत उनके परिवार के 130 लोगों को इस अभियान में पाकिस्तान से लंदन पहुंचाया गया। वे सभी अपने 30 दिन के वीजा पर पाकिस्तान में रह रहे थे। अगर वीजा की अवधि समाप्त होने से पहले किसी अन्य देश ने उन्हें नहीं लिया होता, तो उन्हें वापस भेजे जाने का जोखिम था।
कार्दशियन और SKIMS ब्रांड ने खिलाड़ियों की यात्रा का खर्च उठाया
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो कार्दशियन और उनके SKIMS ब्रांड ने खिलाड़ियों के चार्टर्ड प्लेन का खर्च उठाया है। ROKiT फाउंडेशन ने अफगानिस्तान से उन्हें बाहर निकालने का प्लान किया था। लीड्स युनाइटेड ने खिलाड़ियों और उनके परिवार वालों का स्वागत करते हुए पूरा समर्थन करने की पेशकश की है। अब यूनाइटेड किंगडम में उन्हें पुनर्वास की योजना बनानी होगी। इसके अलावा कई महिलाएं और कलाकारों ने भी अफगानिस्तान को पहले ही छोड़ दिया है।
लीड्स यूनाइटेड के मालिक एंड्रिया रैड्रिजानी का संदेश
Welcome to UK to the young players and their family ( 130 people ) brilliant job from all the team and parties involved 💛💙 pic.twitter.com/Vy17rnaYAn
— Andrea Radrizzani (@andrearadri) November 18, 2021
अफेयर को लेकर चर्चा में हैं कार्दशियन
पति कान्ये वेस्ट से अलग होने के बाद कार्दशियन अमेरिकन कॉमेडियन पेट डेविडसन को डेट कर रही हैं। दोनों ने अपने रिलेशनशिप को कन्फर्म कर दिया है। कान्ये के साथ कार्दशियन के तलाक की प्रक्रिया जारी है।