LOADING...
कंगना रनौत ने 'क्वीन 2' के लिए कसी कमर, 'रानी' बनकर करेंगी दमदार वापसी
'रानी' बनकर फिर लौटेंगी कंगना रनौत

कंगना रनौत ने 'क्वीन 2' के लिए कसी कमर, 'रानी' बनकर करेंगी दमदार वापसी

May 01, 2026
12:42 pm

क्या है खबर?

कंगना रनौत ने जब से राजनीति में कदम रखा है, वह फिल्मों से दूर चल रही थीं। वह आखिरी बार जनवरी, 2025 में पर्दे पर दिखी थीं, जब उनकी राजनीति-ड्रामा फिल्म 'इमरजेंसी' रिलीज हुई। हालांकि अब कंगना ने अपने फिल्मी करियर पर पूरी तरह से ध्यान केंद्रित करना शुरू कर दिया है। आगामी फिल्म 'भाग्य विधाता' का शेड्यूल पूरा करने के बाद, अभिनेत्री अपनी अगली फिल्म 'क्वीन 2' में जुट गई हैं। फिल्म का निर्देशन विकास बहल कर रहे हैं।

शूटिंग

कंगना रनौत में शुरू की 'क्वीन 2' की शूटिंग

मिड-डे के मुताबिक, कंगना ने अपने करियर की सबसे सफल फिल्म, क्वीन (2013) के सीक्वल पर काम शुरू कर दिया है। उन्होंने पिछले हफ्ते से दक्षिण मुंबई में फिल्म की शूटिंग शुरू की है। परियोजना से जुड़े सूत्र ने कहा, "टीम को तैयारी के लिए सिर्फ 20 दिन मिले थे। अब वे मुंबई और उसके आसपास शूटिंग कर रहे हैं। यूनिट फिलहाल ग्रांट रोड पर शूटिंग कर रही है, जहां मुख्य किरदार के घर का सेट बनाया गया है।"

कहानी

इस बार 'क्वीन 2' में क्या होगा खास?

'क्वीन 2' अपनी पहली कड़ी की राह पर आगे नहीं बढ़ेगी, बल्कि इस बार रानी का किरदार बुद्धिमान, सशक्त और अनोखा होगा। हालांकि, इसमें भी आत्म-खोज और आत्मनिर्भरता के विषय समान होंगे। सूत्र ने कहा, "इस बार भी, रानी उत्तर भारत के एक छोटे शहर की महिला है, लेकिन उसका रूप-रंग बिल्कुल अलग है। कहानी बताती है कि कैसे एक परिस्थिति उसे मुंबई ले आती है और वह अपने आप को पहचानती है।" फिल्म का आधिकारिक ऐलान हाेना बाकी है।

Advertisement