कार दुर्घटना के बाद अस्पताल में भर्ती हुए 'कच्चा बादाम' सिंगर भुबन बैद्यकर

मूंगफली बेचने के अपने अंदाज के कारण 'कच्चा बादाम' सिंगर भुबन बैद्यकर सोशल मीडिया पर छा गए हैं। हाल में उन्होंने कहा था कि अब वह सेलिब्रिटी हो गए हैं। उनका गाना इतना हिट हुआ कि दुनियाभर में लोग उन्हें फॉलो करने लगे। अब उनके प्रशंसकों के लिए दिल तोड़ने वाली खबर आई है। रिपोर्ट की मानें तो एक कार दुर्घटना में भुबन घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को 'कच्चा बादाम' फेम सिंगर भुबन के साथ यह हादसा हुआ। यह घटना उस समय हुई जब वह अपनी सेकेंड हैंड कार चलाना सीख रहे थे, जिसे उन्होंने हाल ही में खरीदा था। उनके सीने में चोट लगी है और फिलहाल वह सूरी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती हैं। पश्चिम बंगाल के बीरभूम में यह घटना घटित हुई है। निश्चित रूप से उनके फैंस के लिए यह दुखद घटना है।
भुबन पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के लक्ष्मीनारायणपुर पंचायत के कुरलजुरी गांव के रहने वाले हैं। भुबन के परिवार में पांच लोग हैं, जिनमें उनकी पत्नी के साथ दो बेटे और एक बेटी हैं। वह टूटे-फूटे घरेलू सामानों के बदले लोगों को मूंगफली बेचते थे। लोकप्रियता बटोरने से पहले वह मूंगफली बेचने के लिए दूर-दराज के गांवों में साइकिल से जाते थे। अब वह मूंगफली नहीं बचते हैं। हाल में उन्होंने कहा था, "मैं अब एक सेलिब्रिटी बन गया हूं।"
कुछ समय पहले ही एक म्यूजिक कंपनी ने भुबन को उनके गाने के लिए रॉयल्टी दी थी। रॉयल्टी के रूप में उन्हें डेढ़ लाख रुपये का चेक दिया गया था। उन्होंने पश्चिम बंगाल के बीरभूम स्थित एक गांव में मूंगफली बेचने से लेकर कोलकाता के नाइट क्लब में लाइव परफॉर्मेंस करने तक का सफर तय किया है। पिछले दिनों उन्होंने कोलकाता के एक पॉश नाइट क्लब में अपना परफॉर्मेंस दिया था।
भुबन ने बंगाल के लोकप्रिय टेलीविजन रियलिटी शो में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, जिसे सौरव गांगुली होस्ट करते हैं। भुबन ने सौरव को विनम्र इंसान बताया। साथ ही उन्होंने कहा था कि उन्हें सौरव से भी गिफ्ट मिला है।
उम्मीद है कि भुबन के घायल होने की खबर सुनकर फैंस उनकी मदद के लिए जरूर आगे आएंगे। हाल में 'बचपन का प्यार' फेम सहदेव दिरदो भी सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। उनके सिर में गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें छत्तीसगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इस घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुकमा के कलेक्टर को बेहतर इलाज करवाने का आदेश दिया था।