सलमान खान के गाने पर विवाद, जावेद अख्तर बोले- मुनाफे के लालच ने बदल दी इंडस्ट्री
क्या है खबर?
सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' के गाने 'तेरी सेक्सी ब्यूटी' को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। कई लोगों को ये गाना पसंद आया, जबकि कई ने इसके बोल पर सवाल उठाए। इस बहस के बीच गीतकार जावेद अख्तर ने कहा कि आज का समाज सिर्फ फायदे और जरूरत के हिसाब से चलने लगा है। उनके मुताबिक, गीतकार साजिद खान ने ऐसी पीढ़ी के हिसाब से शब्द लिखे हैं, जिसने साहित्य नहीं पढ़ा।
कारण
जावेद ने बताया क्यों बदल रहे गानों के बोल
जावेद अख्तर मानते हैं कि आज के युवाओं को भाषा की अहमियत पहले जैसी समझ नहीं है। 'तेरी सेक्सी ब्यूटी' का उदाहरण देते हुए जावेद ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री और फिल्मी संगीत अलग-थलग नहीं रह सकते। उनके मुताबिक, ये दोनों ही चीजें हमारे समाज का हिस्सा हैं।
उन्होंने 'जेन G' का उदाहरण देते हुए कहा कि अब गाने उनकी पसंद और समझ के हिसाब से लिखे जा रहे हैं।
तंज
घटते शब्द भंडार और साहित्य पर बोले जावेद
जावेद ने कहा, "आज चाहे 'जेन G' हो या उनसे बड़े लोग, सभी के शब्दों का भंडार माता-पिता और दादा-दादी के मुकाबले कम हुआ है। भाषा केवल बात करने का जरिया नहीं, बल्कि एक कला है, जिसमें इस्तेमाल के तरीके से खूबसूरती और नजाकत आती है। आज भाषा पर उतना ध्यान कहां है और कितने लोग साहित्य व कविता पढ़ते हैं।"
उनके मुताबिक, आज के दौर में भाषा की इस गहराई पर कम ध्यान दिया जा रहा है।
दो टूक
संगीत, कला और साहित्य की गहराई हाशिये पर गई- जावेद
जावेद ने आगे कहा कि मुनाफे के लालच ने इंडस्ट्री में कई चीजें बदल दी हैं। हालांकि, उन्हें अब भी इसमें कुछ अच्छा होने की उम्मीद है।
उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "समाज जरूरत और फायदे के हिसाब से चलने लगा है। मुनाफे की परिभाषा ये हो गई है कि क्या इसे बैंक में जमा कर निकाला जा सकता है। अगर नहीं तो इसका क्या फायदा? संगीत, कला और साहित्य की गहराई हाशिये पर चली गई है।"
विवाद
'मातृभूमि' के गाने पर उठे सवालों का सलमान ने दिया ये जवाब
'तेरी सेक्सी ब्यूटी' गाने को सलमान और मुस्कान ने गाया है। ट्रेलर लॉन्च पर युद्ध फिल्म में इस गाने के शामिल होने पर पूछे गए सवाल के जवाब में सलमान ने कहा कि वो जानते हैं कि सब यही सोच रहे हैं कि यह गाना 'मातृभूमि' में कैसे फिट बैठता है।
सलमान ने कहा कि फिल्म देखने पर सब समझ आ जाएगा। उनके मुताबिक, ये गाना तब आता है, जब एक अधिकारी और सैनिक अपनी पत्नियों की तारीफ करते हैं।