IFFI 2026: ऋषभ शेट्टी ने मारी बाजी, 'हनुमान अंश' के निर्देशक को भी मिला बड़ा सम्मान
क्या है खबर?
गोवा में 9 दिनों तक चले 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) का समापन हो गया है। इस दौरान दुनियाभर की कई फिल्मों की स्क्रीनिंग हुई। समापन समारोह में फिल्मों और कलाकारों को उनके शानदार काम के लिए सम्मानित किया गया। 'कांतारा: चैप्टर 1', 'हनुमान अंश' और 'मेड इन इंडिया' जैसी फिल्मों ने बड़े पुरस्कार अपने नाम किए। समारोह में कई फिल्मी हस्तियां मौजूद रहीं। आइए जानते हैं, इस साल किसे कौन-सा पुरस्कार मिला।
बड़ा सम्मान
IFFI में 'एक्वी' को गोल्डन पीकॉक, ऋषभ शेट्टी चुने गए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता
तियागो गुएडेस के निर्देशन में बनी पुर्तगाली फिल्म 'एक्वी' को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक पुरस्कार मिला। कन्नड़ फिल्म 'कांतारा: अ लीजेंड - चैप्टर 1' के लिए ऋषभ शेट्टी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पुरुष) का सिल्वर पीकॉक मिला।
चिली की फिल्म 'द मेल्टडाउन' के लिए माया ओ'रूर्के को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सिल्वर पीकॉक मिला।
जर्मन फिल्म 'विज़िटेशन' के लिए वोल्कर श्लोंडॉर्फ सर्वश्रेष्ठ निर्देशक चुने गए, जबकि अर्जेंटीना की फिल्म 'द रिवर ट्रेन' को स्पेशल जूरी अवार्ड मिला।
महाेत्सव का महत्व
ऋषभ ने IFFI की तारीफ में कही ये बात, बताया क्यों खास है फिल्म महोत्सव
इसी बीच ऋषभ शेट्टी ने कहा कि IFFI दुनिया के अलग-अलग हिस्सों की फिल्मों को दिखाने का एक अहम मंच देता है और दर्शकों को ऐसी फिल्में देखने का मौका मिलता है जो आमतौर पर मुख्यधारा के सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच पातीं।
उन्होंने कहा, "कई फिल्में मुख्यधारा में देखना मुश्किल होता है और हमें उन्हें देखने का मौका नहीं मिल पाता। लेकिन IFFI जैसे महोत्सव में हमें यह अवसर मिलता है।"
सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक
पहली ही फिल्म 'हनुमान अंश' से चमके डॉ. विशाल चतुर्वेदी
भारतीय फीचर फिल्म वर्ग में भक्ति फिल्म 'हनुमान अंश' के लिए डॉ. विशाल चतुर्वेदी को सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक का पुरस्कार प्रदान किया गया। यह सम्मान उनकी पहली ही फिल्म में आस्था और भावनाओं को प्रभावी ढंग से पर्दे पर उतारने के लिए मिला है। अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के मंच पर इस उपलब्धि को भारतीय सिनेमा की नई और संवेदनशील प्रतिभा के रूप में देखा जा रहा है। इस जीत से फिल्म की पूरी टीम बेहद उत्साहित है।
ट्विटर पोस्ट
'हनुमान अंश' की बड़ी उपलब्धि
A WINNING DEBUT! 🏆🎬
— PIB India (@PIB_India) November 28, 2026
🔹Hanuman Ansh, directed by Dr. Vishal Chaturvedi, wins the Best Debut Director of an Indian Feature Film Award at the 57th International Film Festival of India (#IFFI) 2026
🔹The jury praised the film for beautifully bringing together culture, faith and… pic.twitter.com/kpEyjRblgw
सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज
'मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी' बनी बेस्ट वेब सीरीज
सच्ची घटनाओं पर बनी वेब सीरीज 'मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी' को सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज (OTT) का पुरस्कार मिला।
निर्देशक रॉबी ग्रेवाल ने कहा कि उनकी टीम ऐसी कहानी दिखाना चाहती थी, जो लोगों के दिलों पर छाप छोड़े, वहीं अभिनेता जिम सरभ ने सीरीज में जेरेक्सिस देसाई का किरदार निभाने को शानदार अनुभव बताया। उनके मुताबिक, ये किरदार अपने सपनों को पूरा करने और मेहनत से कुछ बड़ा बनाने की कहानी है।