'राजा शिवाजी' को मिला अजय देवगन और विक्की कौशल का साथ, वजह है बेहद खास
क्या है खबर?
रितेश देशमुख की फिल्म 'राजा शिवाजी' अपनी भव्यता के साथ-साथ एक खास वजह से चर्चा में है। फिल्म के निर्माताओं और रितेश ने बॉलीवुड के 2 बड़े कलाकार अजय देवगन और विक्की कौशल को विशेष सम्मान देते हुए उनका शुक्रिया अदा किया है। आखिर इन दोनों सितारों ने इस ऐतिहासिक प्रोजेक्ट के लिए पर्दे के पीछे ऐसा क्या किया कि निर्माता उनके प्रति आभार जताने से खुद को रोक नहीं पाए? आइए जानते हैं इस खास कनेक्शन के बारे में।
क्रेडिट
पर्दे पर नजर आया अजय और विक्की का नाम
'राजा शिवाजी रिलीज हो गई है, जिसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, लेकिन फिल्म देखने पहुंचे दर्शक उस वक्त हैरान रह गए, जब स्क्रीन पर अजय देवगन और विक्की कौशल का नाम 'स्पेशल थैंक्स' की सूची में नजर आया। फिल्म शुरू होते ही इन दो बड़े सुपरस्टार्स का नाम देखकर फैंस के बीच चर्चा होने लगी कि आखिर इस महागाथा में इन दोनों कलाकारों का क्या कनेक्शन है। अब इसके पीछे की वजह भी सामने आ गई है।
कारण
ये रही असली वजह
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, अजय और विक्की ने 'राजा शिवाजी' के प्रचार के लिए रितेश देशमुख के साथ कुछ खास प्रमोशनल वीडियो शूट किए हैं। रितेश दोनों को प्रचार का हिस्सा बनाने के लिए काफी उत्सुक थे, क्योंकि अजय और विक्की ने पर्दे पर महान मराठा योद्धाओं की भूमिका निभाई है। अजय ने 'तानाजी: द अनसंग वॉरियर' में तानाजी मालुसरे के किरदार को तो विक्की ने 'छावा' में छत्रपति संभाजी महाराज की भूमिका को अमर कर दिया था।
रजामंदी
रितेश के एक बुलावे पर फिल्म से जुड़े विक्की और अजय
सूत्र के अनुसार, "अजय और विक्की इस वीडियो का हिस्सा बनने के लिए तुरंत तैयार हो गए। वे न केवल रितेश के करीब हैं, बल्कि भारत के सबसे महान राजाओं में से एक को समर्पित इस खास फिल्म में अपना योगदान भी देना चाहते थे। रितेश और जियो स्टूडियोज उनके इस व्यवहार से काफी प्रभावित हुए, इसीलिए उन्होंने दोनों अभिनेताओं को फिल्म में क्रेडिट देने का फैसला किया। अजय और विक्की वाला ये खास वीडियो जल्द रिलीज होगा।
स्टारकास्ट
'राजा शिवाजी' में नजर आ रहे ये सितारे
फिल्म 'राजा शिवाजी' में रितेश के अलावा जेनेलिया डिसूजा, संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, फरदीन खान, भाग्यश्री, सचिन खेडेकर, अमोल गुप्ते और जितेंद्र जोशी जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्माण रितेश और जेनेलिया की 'मुंबई फिल्म कंपनी' और ज्योति देशपांडे की 'जियो स्टूडियोज' के बैनर तले किया गया है। फिल्म में सलमान खान के कैमियो की खूब तारीफ हो रही है। उनकी सीटीमार एंट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया है।