बॉक्स ऑफिस पर 'हनुमान अंश' और 'मिर्जापुर द मूवी' का राज, 'हैवान' की हालत खराब
क्या है खबर?
बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म 'हैवान' रिलीज हो चुकी है, लेकिन इसकी कमाई उम्मीद के मुताबिक खास नहीं रही। उधर 'हनुमान अंश' और 'मिर्जापुर द मूवी' अब भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब हैं। 'हैवान' की रिलीज के बीच इन दोनों फिल्मों की कमाई पर भी सबकी नजरें टिकी हैं। आइए जानते हैं तीनों फिल्मों ने कितना कारोबार किया है।
हैवान
2 दिन में इतना ही कमा पाई 'हैवान'
'हैवान' बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक रफ्तार नहीं पकड़ पाई है। फिल्म ने पहले दिन करीब 3 करोड़ रुपये की कमाई की थी, वहीं सैकनिल्क के मुताबिक, दूसरे दिन 'हैवान' ने 2.11 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
इस तरह फिल्म की 2 दिनों की कुल कमाई 5.11 करोड़ रुपये हो गई है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर 'मिर्जापुर द मूवी' और 'हनुमान अंश' से कड़ी टक्कर मिल रही है।
हनुमान अंश
'हैवान' के बीच 'हनुमान अंश' का जलवा
'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के 37वें दिन भी जबरदस्त कमाई करते हुए 19.66 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म की भारत में कुल कमाई 194.91 करोड़ रुपये पहुंच गई है।
खास बात ये है कि 'हैवान' जैसी नई रिलीज के बावजूद 'हनुमान अंश' की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। फिल्म की लगातार बढ़ती कमाई ने ट्रेड पंडितों और दर्शकों, दोनों का ध्यान खींचा है।
मिर्जापुर
'मिर्जापुर द मूवी' का बॉक्स ऑफिस पर जलवा कायम
'मिर्जापुर द मूवी' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के 9वें दिन 12.50 करोड़ रुपये की कमाई की।
इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल कमाई 170.51 करोड़ रुपये हो गई है। 'मिर्जापुर द मूवी' में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा अपने चर्चित किरदारों में नजर आ रहे हैं।
गुड्डू भैया और मुन्ना भैया की कहानी के साथ कालीन भैया का किरदार भी फिल्म की कहानी को दिलचस्प बनाता है।