गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स 2026 के विजेताओं का ऐलान, 16 साल के ओवेन कूपर ने रचा इतिहास
क्या है खबर?
गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स 2026 के विजेताओं की आधिकारिक घोषणा हो चुकी है। हॉलीवुड के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोहों में से एक गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स हर साल उन फिल्मों, वेब सीरीज और कलाकारों को सम्मानित करते हैं, जिन्होंने अपने शानदार अभिनय, दमदार कहानी और बेहतरीन तकनीक से दर्शकों को प्रभावित किया है तो आइए जानते हैं गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स 2026 के उन विजेताओं के बारे में, जिन्होंने अपनी मेहनत, हुनर और लगन से इस प्रतिष्ठित मंच पर जीत का परचम लहराया।
इतिहास
मात्र 16 साल की उम्र में ओवेन कूपर ने जीता अपना पहला गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड
जीन स्मार्ट ने टीवी सीरीज 'हैक्स' के लिए म्यूजिकल या कॉमेडी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का तो सेठ रोजन ने 'द स्टूडियो' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता। अभिनेता नोआ वाइल को 'द पिट्ट' के लिए टीवी सीरीज-ड्रामा श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड से नवाजा गया, लेकिन इस समारोह की सबसे बड़ी जीत 16 साल के ओवेन कूपर की रही, जिन्होंने सीरीज 'एडोलेसेंस' के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया है।
रिकॉर्ड
16 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त, ओवेन कूपर ने क्रिस कोलफर को पछाड़ा
ओवेन की यह जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि वह इस श्रेणी में अवॉर्ड जीतने वाले अब तक के सबसे कम उम्र के अभिनेता बन गए हैं। उन्होंने 'ग्ली' फेम क्रिस कोलफर का 16 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दरअसल, क्रिस ने साल 2010 में 20 साल की उम्र में यह पुरस्कार जीता था। अपना पहला गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड लेते समय ओवेन कूपर काफी भावुक नजर आए। उन्होंने अपनी सीरीज की टीम और परिवार का शुक्रिया अदा किया।
जानकारी
'एडोलेसेंस' के नाम ये पुरस्कार भी
'एडोलेसेंस' के लिए स्टीफन ग्राहम को 'बेस्ट एक्टर इन अ लिमिटेड सीरीज या टेलीविजन फिल्म' की श्रेणी में विजेता घोषित किया गया है तो इसी सीरीज के लिए अभिनेत्री एरिन डोहर्टी ने टेलीविजन श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का गोल्डन ग्लोब पुरस्कार जीता है।
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री
रोज बर्न बनीं सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री, टेयाना टेलर ने भी मारी बाजी
अभिनेत्री रोज बर्न ने फिल्म 'इफ आई हैड लेग्स आई'ड किक यू' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (म्यूजिकल या कॉमेडी) का गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड जीता तो पॉल थॉमस एंडरसन ने 'वन बैटल ऑफ अनेदर' के लिए बेस्ट स्क्रीनप्ले का पुरस्कार अपने नाम किया। उधर फिल्म 'सेंटिमेंटल वैल्यू' के लिए दिग्गज अभिनेता स्टेलन स्कार्सगार्ड को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता चुना गया तो फिल्म 'वन बैटल ऑफ अनेदर' के लिए टेयाना टेलर ने सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का गोल्डन ग्लोब जीतकर महफिल लूट ली।
सर्वश्रेष्ठ निर्देशक
कौन बना सर्वश्रेष्ठ निर्देशक?
पॉल थॉमस एंडरसन ने फिल्म 'वन बैटल आफ्टर अनेदर' के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार जीता और उनकी इसी को बेस्ट मोशन पिक्चर- म्यूजिक और कॉमेडी का खिताब भी मिला। उधर ब्राजीलियाई फिल्म 'द सीक्रेट एजेंट' ने सर्वश्रेष्ठ गैर-अंग्रेजी फिल्म का पुरस्कार जीता तो इसके हीरो वैगनर मौरा बेस्ट एक्टर बने।। फिल्म 'सिनर्स' ने 'सिनेमैटिक एंड बॉक्स ऑफिस अचीवमेंट' की श्रेणी में गोल्डन ग्लोब पुरस्कार तो टिमोथी चेलमेट को फिल्म 'मार्टी सुप्रीम' के लिए बेस्ट एक्टर का पुरस्कार हासिल किया।
टीवी सीरीज
'द पिट' को सर्वश्रेष्ठ टेलीविजन सीरीज का खिताब
लोकप्रिय मेडिकल ड्रामा सीरीज 'द पिट' ने सर्वश्रेष्ठ टेलीविजन सीरीज (ड्रामा) की श्रेणी में गोल्डन ग्लोब पुरस्कार जीता है। इसने साल की सबसे बेहतरीन ड्रामा सीरीज का खिताब अपने नाम किया। उधर एक बड़ी जीत हासिल करते हुए 'के-पॉप डेमन हंटर्स' ने सर्वश्रेष्ठ एनिमेटेड मोशन पिक्चर का गोल्डन ग्लोब पुरस्कार हासिल किया तो दिग्गज ब्रिटिश कॉमेडियन और अभिनेता रिकी गेरवाइस ने अपने नेटफ्लिक्स स्पेशल शो 'रिकी गेरवाइस: मोर्टैलिटी' के लिए टेलीविजन पर 'बेस्ट स्टैंड-अप कॉमेडी परफॉर्मेंस' का पुरस्कार जीता।