'रामायण' का विरोध नहीं, पर छोटी फिल्मों की बलि न चढ़े; सरकार तक पहुंचा 'पायर' विवाद
क्या है खबर?
निर्देशक विनोद कापड़ी की फिल्म 'पायर' को समीक्षकों और दर्शकों से काफी सराहना मिली है, लेकिन अब सिनेमाघरों में पर्याप्त स्क्रीन्स न मिलने के कारण इसकी कमाई पर संकट गहरा गया है। इस मामले में अब ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) फिल्म के समर्थन में आगे आया है। एसोसिएशन ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर फिल्म के शोज और स्क्रीन्स में की गई भारी कटौती की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
चिंता
कम बजट की फिल्मों के साथ हो रहे व्यवहार पर AICWA ने जताई चिंता
एसोसिएशन ने फिल्म वितरण प्रणाली में बदलाव की मांग की है, ताकि छोटी फिल्मों को भी दर्शकों तक पहुंचने का बराबर मौका मिले।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखे पत्र में AICWA अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने सिनेमाघरों में कम बजट की फिल्मों के साथ हो रहे व्यवहार पर चिंता जताई।
उन्होंने ढाई करोड़ रुपये के बजट में बनी 'पायर' का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे दर्शकों की तारीफ के दम पर इस फिल्म ने अपनी जगह बनाई थी।
कटौती
400 से सीधे 100 पर सिमटीं 'पायर' की स्क्रीन्स
पत्र के अनुसार, अच्छे रिस्पॉन्स के दम पर फिल्म की स्क्रीन्स 80 से बढ़कर करीब 400 तक पहुंच गई थीं, लेकिन 'रामायण' के रिलीज होते ही ये घटकर 100 से भी कम रह गईं।
संगठन ने सवाल उठाया है कि अच्छी कमाई और तारीफ के बावजूद शोज में इतनी कटौती क्यों हुई?
हालांकि, गुप्ता ने ये भी साफ किया कि वे 'रामायण' की सफलता के खिलाफ नहीं हैं और बड़ी फिल्मों से मिलने वाले रोजगार का पूरा सम्मान करते हैं।
दो टूक
बड़ी फिल्म की सफलता छोटी फिल्म की कीमत पर न आए- सुरेश श्यामलाल गुप्ता
सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने पत्र में लिखा, 'मैं 'रामायण: राइज ऑफ लेजेंड' का विरोध नहीं करता। ये एक बड़े बजट की फिल्म है, जिसने हर विभाग के सैकड़ों मजदूरों, तकनीशियनों, जूनियर आर्टिस्ट्स और कलाकारों को काम दिया है। इसे सफल होना चाहिए, ताकि निर्माताओं को मुनाफा हो और कामगारों को समय पर भुगतान मिल सके, लेकिन किसी बड़ी फिल्म की सफलता उस छोटी फिल्म की कीमत पर नहीं आनी चाहिए, जिसे दर्शक पहले ही अपना चुके हैं।"
चेतावनी
'हनुमैन' का जिक्र कर AICWA अध्यक्ष ने चेताया
AICWA अध्यक्ष ने छोटी फिल्मों की अहमियत बताते हुए 'हनुमैन' का उदाहरण दिया।
उन्होंने कहा कि करीब 2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 450 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए थे।
गुप्ता के मुताबिक, स्वतंत्र निर्माताओं को पहले ही फंड जुटाने और फिल्म रिलीज करने में काफी मुश्किलें आती हैं। ऐसे में इनकी फिल्मों को थिएटर से हटाने से नए कलाकारों के मौके कम होंगे और हजारों फिल्म कामगारों की रोजी-रोटी पर भी असर पड़ेगा।
ट्विटर पोस्ट
'रामायण' की रिलीज से 'पायर' को झटका
"Small Films, Big Dreams: Give Them Screens, Give Them a Chance!"
— All Indian Cine Workers Association (@aicwaofficial) November 11, 2026
Vinod Kapri's Pyre, made on just ₹2.5 crore, grew from 80 to about 400 screens on audience love alone. Then, as Mr. Kapri alleges, its shows were cut by nearly 75% to make room for a big-budget release.
We do… pic.twitter.com/1T6H7LzugT
मांगें
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सामने AICWA ने रखीं ये बड़ी मांगें
एसोसिएशन ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें छोटी फिल्मों के बचाव के लिए निष्पक्ष स्क्रीन नीति और स्वतंत्र फिल्मकारों की शिकायतों के समाधान के लिए व्यवस्था बनाने की मांग शामिल है।
इसके अलावा 'पायर' की स्क्रीन्स 400 से घटाकर 100 से कम करने की निष्पक्ष जांच, जांच पूरी होने तक फिल्म के शोज बहाल करने और दोषी पाए जाने वाले थिएटर मालिकों व डिस्ट्रीब्यूटर्स पर FIR दर्ज करने की अपील भी की गई है।
नाराजगी
'रामायण' की रिलीज के बीच फूटा विनोद कापड़ी का गुस्सा
इससे पहले विनोद कापड़ी ने एक्स पर एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि थिएटर मालिकों और वितरकों को दूसरी फिल्मों को हटाकर सिर्फ एक फिल्म को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि, उन्होंने किसी फिल्म का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका बयान 'रामायण' की रिलीज के ठीक बाद आया।
कापड़ी ने सवाल उठाया कि दूसरी फिल्मों को रोककर अपनी फिल्म चलाने में कौन सी शान है? ये छोटी फिल्म है, जिसे देखकर लोग रो रहे हैं।