'जवान' ऑडियो लॉन्च: शाहरुख खान के प्रशंसकों में जोश, चेन्नई से पहले वैष्णो देवी पहुंचे अभिनेता
शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' की इन दिनों भरपूर दीवानगी देखने को मिल रही है। फिल्म रिलीज होने में अब 10 दिन का समय बचा है और प्रशंसक अब तक फिल्म के ट्रेलर का इंतजार कर रहे हैं। ट्रेलर लॉन्च से पहले आज यानी 30 अगस्त को चेन्नई में फिल्म का ऑडियो लॉन्च कार्यक्रम होगा। 'जवान' के प्रचार में आज पहली बार शाहरुख खुद कार्यक्रम में मौजूद होंगे। चेन्नई रवाना होने से पहले शाहरुख वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे।
वैष्णो देवी पहुंचे शाहरुख
शाहरुख ने मंगलवार रात सूचना दी थी कि वह चेन्नई आ रहे हैं। इससे उनके प्रशंसकों में जोश है। चेन्नई आने से पहले उन्होंने प्रशंसकों को एक और सरप्राइज दे दिया और वह वैष्णो देवी पहुंच गए। सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया जा रहा है, जिसमें शाहरुख सुरक्षाबलों के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाते दिख रहे हैं। इससे पहले पिछले साल दिसंबर में भी शाहरुख ने वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाई थी।
यहां देखिए वीडियो
ऑडियो लॉन्च कार्यक्रम में मौजूद होंगे फिल्म के सितारे
अब तक 'जवान' का प्रचार सिर्फ सोशल मीडिया के जरिए हो रहा था। इसके प्रीव्यू वीडियो और 3 गाने सामने आ चुके हैं। अब पहली बार निर्माता किसी कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, कार्यक्रम में फिल्म का म्यूजिक एल्बम लॉन्च किया जाएगा, जहां निर्देशक एटली और शाहरुख के अलावा फिल्म की मुख्य अभिनेत्री नयनतारा और विलेन की भूमिका निभा रहे विजय सेतुपति भी मौजूद होंगे। यह कार्यक्रम चेन्नई के साई राम इंजीनियरिंग कॉलेज में होगा।
बुर्ज खलीफा पर दिखाया जाएगा ट्रेलर
प्रशंसक लंबे समय से फिल्म के ट्रेलर का इंतजार कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर शाहरुख के प्रशंसक लगातार पूछ रहे हैं कि फिल्म का ट्रेलर आखिर कब रिलीज किया जाएगा। उनका इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। चेन्नई से शाहरुख सीधा दुबई के रवाना होंगे जहां 31 अगस्त को फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया जाएगा। ट्रेलर को दुबई स्थित बुर्ज खलीफा पर भी प्रदर्शित किया जाएगा। इससे पहले 'पठान' का ट्रेलर भी बुर्ज खलीफा पर दिखाया गया था।
'जवान' में दिखेंगे शाहरुख के कई रूप
शाहरुख की यह बहुप्रतिक्षित फिल्म 7 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। एक्शन से भरपूर इस फिल्म में शाहरुख के कई रूप देखने को मिलेंगे। फिल्म से दक्षिण भारत की सुपरस्टार नयनतारा बॉलीवुड में कदम रख रही हैं। इनके अलावा फिल्म में प्रियामणि, सान्या मल्होत्रा, सुनील ग्रोवर भी नजर आएंगे। फिल्म में दीपिका पादुकोण मेहमान भूमिका निभाती नजर आएंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में शाहरुख डबल रोल में नजर आएंगे, जिसमें एक किरदार गैंग्स्टर और एक अधिकारी का होगा।
न्यूजबाइट्स प्लस
फिल्म में विजय सेतुपति विलेन बने नजर आएंगे। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि उन्होंने यह फिल्म सिर्फ शाहरुख के लिए की है। अगर उन्हें यह भूमिका मुफ्त में भी करनी होती तो भी वह इसके लिए राजी हो जाते।