ग्रैमी होस्ट पर बरसे डोनाल्ड ट्रंप, कहा- तथ्य सुधार लो, वरना मुकदमे के लिए तैयार रहो
क्या है खबर?
ग्रैमी अवार्ड्स 2026 के मंच से होस्ट ट्रेवर नोआ के एक मजाक से अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आग बबूला हो गए है। उन्होंने नोआ के 'एपस्टीन आइलैंड' वाले कमेंट पर बेहद तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें पूरी तरह नाकाम इंसान बताया। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर सीधा हमला बोलते हुए नोआ को अपने तथ्य सुधारने की सलाह देते हुए साफतौर पर चेतावनी दी कि इस मानहानि वाली टिप्पणी के लिए वो मुकदमे का सामना करने को तैयार रहें।
टिप्पण
होस्ट नोआ के इस मजाक से शुरू हुआ विवाद
ग्रैमी 2026 के मंच पर जब बिली एलिश ने अपने गाने 'वाइल्डफ्लावर' के लिए 'सॉन्ग ऑफ द ईयर' का पुरस्कार जीता तो ट्रेवर नोआ ने मंच से कहा, "ये रहा 'सॉन्ग ऑफ द ईयर'! बधाई हो बिली इलिश। ये ऐसा अवॉर्ड है, जिसे हर कलाकार पाना चाहता है, उतना ही, जितना ट्रंप ग्रीनलैंड को चाहते हैं। वैसे भी एपस्टीन के जाने के बाद उन्हें बिल क्लिंटन के साथ वक्त बिताने के लिए एक नए द्वीप की जरूरत तो है ही।"
भड़ास
ट्रंप ने ग्रैमी को बताया सबसे घटिया
नोआ के मजाक पर ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'ग्रैमी अवॉर्ड्स सबसे घटिया हैं, इन्हें देखना लगभग नामुमकिन है। होस्ट ट्रेवर नोआ, जो कोई भी हो, वो 'लो रेटिंग' वाले ऑस्कर के जिमी किमेल जितना ही बुरा है। नोआ ने मेरे बारे में गलत कहा कि डोनाल्ड ट्रंप और बिल क्लिंटन ने एपस्टीन आइलैंड पर समय बिताया। गलत। मैं बिल क्लिंटन के बारे में नहीं बोल सकता, लेकिन मैं ना कभी एपस्टीन आइलैंड गया, ना ही उसके आसपास रहा।'
चेतावनी
ट्रेवर नोआ को ट्रंप की खुली धमकी
ट्रंप ने लिखा, 'इस झूठे और मानहानि वाले बयान से पहले मुझ पर वहां होने का कभी आरोप नहीं लगाया गया( यहां तक कि फर्जी न्यूज मीडिया ने भी नहीं। बेहतर होगा कि नोआ अपने तथ्य सही कर ले, वरना मुकदमे के लिए तैयार रहे।' ट्रंप ने नोआ को एक बार फिर 'टोटल लूजर' बताया और अंत में लिखा कि अब वो इस मामले में अपने वकीलों को शामिल करेंगे और ऐसा करने में उन्हें मजा आएगा।
ट्विटर पोस्ट
नोआ पर भड़के ट्रंप
It’s 1:00 am and Donald Trump is awake furiously posting on social media about the Grammys. He says he’s suing Trevor Noah for joking about him being on Epstein island. What a snowflake!!! So much for free speech! pic.twitter.com/dy6qLHAHuf
— Harry Sisson (@harryjsisson) February 2, 2026
विवाद
क्या है ये 'एपस्टीन आइलैंड' विवाद?
एपस्टीन आइलैंड (लिटिल सेंट जेम्स) अमेरिकी वर्जिन आइलैंड्स का वो निजी द्वीप है, जिसका मालिक कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन था। आरोप है कि इस द्वीप पर दुनिया की कई बड़ी हस्तियां अनैतिक गतिविधियों में शामिल होती थीं। डोनाल्ड ट्रंप और एपस्टीन के बीच 1980 से 2000 के दशक की शुरुआत तक करीबी सामाजिक और व्यावसायिक संबंध रहे थे, ग्रैमी के मंच पर जिसका जिक्र कर ट्रेवर नोआ ने उन पर तंज कसा है।