
'एनिमल' को पछाड़ 'छावा' बनी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तीसरी हिंदी फिल्म, पहले नंबर पर कौन?
क्या है खबर?
विक्की कौशल की फिल्म 'छावा' पिछले काफी समय से चर्चा में है। यह फिल्म पहले ही दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है।
अब 'छावा' ने वो कारनामा कर दिखाया है, जो इस इस साल रिलीज हुई किसी भी फिल्म ने अभी तक नहीं किया है।
संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित यह फिल्म सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तीसरी फिल्म बन गई है।
आइए सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 5 हिंदी फिल्मों के बारे में जानें।
#1
'जवान'
शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' (2023) सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म है। इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 640.25 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार किया था।
फिल्म ने रिलीज होते ही टिकट खिड़की पर कई रिकॉर्ड बना लिए थे। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या 'छावा' इस फिल्म का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी।
एटली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नयनतारा, विजय सेतुपति और दीपिका पादुकोण भी नजर आए थे।
'जवान' नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
#2
'स्त्री 2'
इस सूची में दूसरा नाम श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की फिल्म 'स्त्री 2' (2024) का है। यह फिल्म भारत में 597.99 करोड़ रुपए की कमाई के साथ दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। अब देखते हैं कि क्या 'छावा' इस फिल्म को पछाड़ पाती है या नहीं।
'स्त्री 2' में पंकज त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी और अपारशक्ति खुराना भी हैं। अमर कौशिक ने फिल्म का निर्देशन किया था।
इसे आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
#3
'छावा'
रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' को पछाड़ अब 'छावा' तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। इस फिल्म ने अब तक 562.65 करोड़ रुपए कमा लिए हैं और यह पांचवें सप्ताह में भी सिनेमाघरों में धूम मचा रही है।
'छावा' का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। रश्मिका मंदाना, अक्षय खन्ना, आशुतोष राणा, विनीत कुमार, दिव्या दत्ता और डायना पेंटी भी इस फिल्म का अहम हिस्सा हैं।
फिलहाल यह फिल्म OTT पर रिलीज नहीं हुई है।
#4
'एनिमल'
सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में 'एनिमल' (2023) अब चौथे पायदान पर है। इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 553.87 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, वहीं इस फिल्म का अनुमानित बजट 100 करोड़ रुपये है।
इसमें रणबीर के साथ अनिल कपूर, बॉबी देओल, रश्मिका मंदाना और तृप्ति डिमरी जैसे कलाकारों ने भी अभिनय किया था। संदीप रेड्डी वांगा ने फिल्म का निर्देशन किया था।
इस फिल्म का लुत्फ आप नेटफ्लिक्स पर उठा सकते हैं।
#5
'पठान'
इस सूची में आखिरी नाम शाहरुख की फिल्म 'पठान' (2023) का है। 543.09 करोड़ रुपये की कमाई के साथ यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में पहले स्थान पर थी, लेकिन 'जवान', 'स्त्री 2', 'एनिमल' और अब 'छावा' इसे पीछे छोड़ दिया है।
शाहरुख के साथ इस फिल्म में दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम भी नजर आए थे। सिद्धार्थ आनंद ने फिल्म का निर्देशन किया था।
अमेजन प्राइम वीडियो पर यह फिल्म मौजूद है।