
'छावा' बनी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दूसरी हिंदी फिल्म, पहले नंबर पर कौन?
क्या है खबर?
विक्की कौशल की फिल्म 'छावा' पहले ही दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है। आठवें सप्ताह में भी फिल्म का खुमार दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है।
अब 'छावा' ने वो कारनामा कर दिखाया है, जो इस साल रिलीज हुई किसी भी फिल्म ने अभी तक नहीं किया है।
दरअसल, यह फिल्म सबसे ज्यादा कमाई करने वाली दूसरी हिंदी फिल्म बन गई है।
आइए सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 5 हिंदी फिल्मों के बारे में जानें।
#1
'जवान'
शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' (2023) सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म है। इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 640.25 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था।
फिल्म ने रिलीज होते ही टिकट खिड़की पर कई रिकॉर्ड बना लिए थे। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या 'छावा' इस फिल्म का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी।
एटली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नयनतारा, विजय सेतुपति और दीपिका पादुकोण भी नजर आए थे।
'जवान' नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
#2
'छावा'
श्रद्धा कपूर की फिल्म 'स्त्री 2' को पछाड़ अब 'छावा' (2025) दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। इस फिल्म ने अब तक 598.80 करोड़ रुपये कमा लिए हैं और रिलीज के 53 दिन बाद भी यह सिनेमाघरों में धूम मचा रही है।
'छावा' के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर हैं। रश्मिका मंदाना, अक्षय खन्ना, आशुतोष राणा, विनीत कुमार, दिव्या दत्ता और डायना पेंटी भी इस फिल्म का अहम हिस्सा हैं।
'छावा' जल्द ही नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
#3
'स्त्री 2'
इस सूची में तीसरा नाम श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की सुपरहिट फिल्म 'स्त्री 2' (2024) का है।
यह फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 597.99 करोड़ रुपये की कमाई के साथ तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म है।
श्रद्धा और राजकुमार के अलावा 'स्त्री 2' में पंकज त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी और अपारशक्ति खुराना जैसे सितारे नजर आए थे।
अमर कौशिक ने फिल्म का निर्देशन किया था। इसे आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
#4
'एनिमल'
सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में 'एनिमल' (2023) चौथे पायदान पर है। इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 553.87 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, वहीं इस फिल्म का अनुमानित बजट 100 करोड़ रुपये है।
इस फिल्म में रणबीर के साथ अनिल कपूर, बॉबी देओल, रश्मिका मंदाना और तृप्ति डिमरी जैसे कलाकारों ने भी अभिनय किया था। संदीप रेड्डी वांगा ने फिल्म का निर्देशन किया था।
इस फिल्म का लुत्फ आप नेटफ्लिक्स पर उठा सकते हैं।
#5
'पठान'
इस सूची में आखिरी नाम शाहरुख की फिल्म 'पठान' (2023) का है। 543.09 करोड़ रुपये की कमाई के साथ यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में पहले स्थान पर थी, लेकिन 'जवान', 'स्त्री 2', 'एनिमल' और अब 'छावा' इसे पीछे छोड़ दिया है।
शाहरुख के साथ इस फिल्म में दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम भी नजर आए थे। सिद्धार्थ आनंद ने फिल्म का निर्देशन किया था।
अमेजन प्राइम वीडियो पर यह फिल्म मौजूद है।