Page Loader
मनोज पाटिल खुदकुशी मामले में साहिल खान को गिरफ्तारी से राहत, कोर्ट ने दी अंतरिम सुरक्षा
साहिल खान और मनोज पाटिल

मनोज पाटिल खुदकुशी मामले में साहिल खान को गिरफ्तारी से राहत, कोर्ट ने दी अंतरिम सुरक्षा

Sep 28, 2021
05:42 pm

क्या है खबर?

अभिनेता साहिल खान कुछ समय से विवादों में हैं। दरअसल, मिस्टर इंडिया रह चुके मनोज पाटिल ने पिछले दिनों उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि साहिल उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। इसी वजह से उन्होंने खुदकुशी जैसा कदम उठाया। अब इस मामले में साहिल की मुश्किलें कम होती दिख रही हैं। दरअसल, बॉम्बे हाईकोर्ट ने उन्हें गिरफ्तारी से अगली सुनवाई तक के लिए अंतरिम सुरक्षा दे दी है। आइए जानते हैं पूरी खबर।

जानकारी

अग्रिम जमानत याचिका पर 28 सितंबर को हुई सुनवाई

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बॉम्बे हाईकोर्ट ने साहिल की अग्रिम जमानत याचिका पर आज (28 सितंबर) को सुनवाई के बाद 12 अक्टूबर तक उन्हें अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है। साहिल ने अपनी शिकायत में कहा था कि उनका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और ना ही उन्हें किसी भी अदालत ने दोषी ठहराया है। उनके मुताबिक, मनोज द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी गलत और अवैध है। यह पिछली शिकायतों को ध्यान में रखते हुए दुर्भावनापूर्ण मकसद से दर्ज की गई।

मामला

आखिर था क्या मामला?

मनोज पाटिल ने 8 सितंबर को साहिल के खिलाफ ओशिवारा पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दी थी कि साहिल उन्हें परेशान कर रहा है, लेकिन पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया। इसके बाद 15 सितंबर की रात 11 बजे उन्होंने नींद की गोलियां खाकर खुदकुशी करने की कोशिश की। पाटिल ने साहिल पर 20 सितंबर को उन्हें परेशान करने और बदनाम करने का मामला दर्ज किया था। पाटिल ने कहा था कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

शिकायत

साहिल ने भी पाटिल पर किया केस

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद साहिल ने भी मनोज के खिलाफ ओशिवारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी याचिका में कहा कि मनोज ने खुदकुशी का झूठा बहाना बनाकर उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराया है। इसके बाद साहिल ने गिरफ्तारी से बचने के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। जब इस मामले में साहिल का नाम सामने आया था तो उन्होंने कहा था कि उन्हें जानबूझकर इस विवाद में घसीटा गया है।

परिचय

कौन हैं साहिल खान और मनोज पाटिल

साहिल खान को फिल्म 'स्टाइल' में पहली बार लीड रोल मिला था। फिल्म की सफलता के बाद उन्हें इस फिल्म के सीक्वल और साथ ही 'एक्सक्यूज मी' जैसी फिल्म में काम करने का मौका मिला था। साहिल बॉडी बिल्डिंग की दुनिया का जाना-माना नाम हैं। दूसरी तरफ मनोज पाटिल एक मशहूर मॉडल, बॉडी बिल्डर, एथलीट और फिटनेस ट्रेनर हैं। जब वह 24 साल के थे, तब उन्होंने 'मिस्टर इंडिया मैन्स फिजिक ओवरऑल चैंपियनशिप' का खिताब जीता था।