बॉक्स ऑफिस की 'बाहुबली', पहले दिन भारत में 100 करोड़ से बड़ा धमाका करने वाली फिल्में
क्या है खबर?
इन दिनों सुपरस्टार राम चरण की फिल्म 'पेड्डी' खूब सुर्खियों में हैं, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपये के साथ अपना खाता खोला है। हालांकि, भारतीय सिनेमा में कुछ ऐसी फिल्में भी रही हैं, जिन्होंने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तूफान लाया कि पहले ही दिन 100 या 150 करोड़ नहीं, बल्कि 200 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर डाली। एक नजर भारत में पहले दिन सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली टॉप 5 भारतीय फिल्मों पर।
#1
'पुष्पा 2: द रूल'
अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2: द रूल' ने बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होते ही वो कर दिखाया, जो आज तक भारतीय सिनेमा के इतिहास में कभी नहीं हुआ था। फिल्म ने अपने ओपनिंग डे पर भारत में 164 करोड़ रुपये का कारोबार कर इतिहास रच दिया था। इस ऐतिहासिक कमाई के साथ 'पुष्पा 2' भारतीय सिनेमा के इतिहास में पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली नंबर-1 फिल्म बनी। नेटफ्लिक्स पर ये फिल्म देखी जा सकती है।
#2
'RRR'
बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड की इस सूची में दूसरे स्थान पर एसएस राजामौली की फिल्म 'RRR' का नाम आता है। जूनियर एनटीआर और राम चरण अभिनीत इस फिल्म ने रिलीज होते ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था। नेटफ्लिक्स पर मौजूद इस फिल्म ने केवल भारत से ही रिकॉर्डतोड़ 133 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। फिल्म का गाना 'नाटू-नाटू' दुनियाभर में चर्चा का विषय बना था और इसी गाने ने फिल्म को ऑस्कर भी दिलाया था।
#3
'KGF चैप्टर 2'
सैकनिल्क के मुताबिक इस सूची में तीसरे पायदान पर 'KGF चैप्टर 2' है। यश की इस धमाकेदार एक्शन फिल्म ने रिलीज होते ही भारतीय सिनेमाघरों में कमाई का नया रिकॉर्ड बनाया था। 'KGF चैप्टर 2' ने अपने पहले दिन केवल घरेलू बॉक्स ऑफिस (भारत) से ही 116 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया था। फिल्म से यश ने अपनी 'रॉकी भाई' वाली पहचान और पक्की कर ली थी। अमेजन प्राइम वीडियो पर आप इस फिल्म का लुत्फ उठा सकते हैं।
#4 और #5
'धुरंधर 2: द रिवेंज' और 'कल्कि 2898 AD'
सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली फिल्मों की सूची में चौथे स्थान पर रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2: द रिवेंज' है। इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म ने रिलीज के पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 103 करोड़ रुपये कमाए। फिल्म जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध है। उधर पांचवें पायदान पर प्रभास और अमिताभ बच्चन की फिल्म 'कल्कि 2898 AD' है, जिसने पहले दिन भारत में 95 करोड़ रुपये की कमाई की थी। ये फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो और नेटफ्लिक्स पर देखी जा सकती है।