कंगना रनौत पर भड़के अशोक पंडित- तुम बकवास करती हो, इसलिए मैंने तुम्हें बैन किया था
क्या है खबर?
रणवीर सिंह और 'डॉन 3' विवाद के बीच अब फिल्म निर्माता अशोक पंडित और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के बीच ज़ुबानी जंग छिड़ गई है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के पदाधिकारी अशोक पंडित ने कंगना के बयान पर बेहद तीखा पलटवार किया है। उन्होंने सरेआम कंगना को नसीहत दे डाली कि कंगना को बिना सच जाने हवा में बातें करने से बचना चाहिए। क्या कुछ बोले निर्माता, आइए जानते हैं।
बयानबाजी
इंडस्ट्री के लोग बिना मुद्दा समझे बयानबाजी कर रहे- अशोक पंडित
HT सिटी से बातचीत कर अशोक पंडित ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग 'डॉन 3' के पूरे मुद्दे को ठीक से समझे बिना ही इस पर अपनी बयानबाजी कर रहे हैं। उनके मुताबिक, फेडरेशन (FWICE) के रुख को व्यापक रूप से गलत समझा गया है, क्योंकि कई लोग मामले के असली तथ्यों को जानने के बजाय सिर्फ सुर्खियों को देखकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इंडस्ट्री के कई लोगों ने अब हमें गाली देना शुरू कर दिया है।"
नाराजगी
कंगना की बयानबाजी पर भड़के अशोक पंडित
अशोक बोले, "कल कंगना ने कुछ कहा था। लोग पूरे मुद्दे को समझे बिना ही बस कमेंट किए जा रहे हैं। कंगना ने ये कहा कि इंडस्ट्री ने उन्हें भी बैन किया हुआ है और मैंने कहा कि तुम बकवास करती हो, इसलिए मैंने तुम्हें बैन किया था। मुझे फर्क नहीं पड़ता। यहां इंडस्ट्री का एक बहुत बड़ा और गंभीर मुद्दा है। तुम्हें तो इसे मुद्दे के बारे में पता तक नहीं। तुम बस हवा में बातें कर रही हो।"
रिश्ता
"रणवीर से कोई निजी दुश्मनी नहीं"
अशाेक ने कहा कि FWICE की चिंता व्यक्तिगत रूप से रणवीर सिंह के खिलाफ नहीं है, बल्कि ये पेशेवर प्रतिबद्धताओं के उस बड़े मुद्दे से जुड़ी है, जिसका सीधा असर किसी प्रोजेक्ट से जुड़े निर्माताओं, कामगारों और तकनीशियनों पर पड़ता है। अशोक ने अपनी बात पर कायम रहते हुए कहा कि इस मामले पर किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से पहले लोगों को उन परिस्थितियों को समझना चाहिए, जिनके चलते फेडरेशन को ये कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा।
बयान
कंगना के इस बयान पर भड़के अशोक पंडित
कंगना ने फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' के ट्रेलर लॉन्च पर कहा था कि जैसे-जैसे इंसान की कामयाबी और हैसियत बढ़ती है, उसके दुश्मन भी बढ़ते हैं। उनके मुताबिक, रणवीर को खुश होना चाहिए कि आज उनकी इतनी बड़ी पहचान है। कंगना ने कहा कि सफलता के रास्ते में कई रुकावटें आती हैं और सफर हमेशा आसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि उनके साथ भी ऐसा हुआ है, लेकिन अच्छे काम पर ध्यान देने से इन बातों का असर नहीं पड़ता।