अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन एक-दूजे के हुए, ग्रीस से साझा कीं शादी की पहली तस्वीरें
क्या है खबर?
साउथ के मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की सह-मालकिन काव्या मारन शादी के बंधन में बंध गए हैं। दोनों ने 11 नवंबर को ग्रीस में एक शानदार समारोह में शादी की। इस खास मौके पर कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। शादी के बाद अनिरुद्ध ने सोशल मीडिया पर अपनी पहली तस्वीरें साझा कीं, जो सामने आते ही चर्चा में आ गईं। उन्होंने इन तस्वीरों के साथ अपनी खुशी जाहिर करते हुए खास कैप्शन भी लिखा।
तस्वीरें
ग्रीस में एक-दूजे के हुए अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन
अनिरुद्ध ने तस्वीरों के साथ लिखा, 'मेरी जिंदगी का एक ऐसा पल, जो जिंदगी में सिर्फ एक बार आया और हमेशा के लिए मेरा हो गया।'
अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन की शादी का जश्न 10 और 11 नवंबर को ग्रीस में हुआ। शादी से पहले सुपरस्टार रजनीकांत अपने परिवार के साथ ग्रीस के लिए रवाना होते हुए एयरपोर्ट पर नजर आए थे।
उधर तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी अपने परिवार के साथ एयरपोर्ट पर दिखाई दिए।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए तस्वीरें
11.11 ❤️ pic.twitter.com/oNGmJtgxEY
— Anirudh Ravichander (@anirudhofficial) November 11, 2026
अंदाज
शादी में दिखा अनिरुद्ध और काव्या का शाही अंदाज
मुख्य शादी समारोह के लिए अनिरुद्ध ने अपना लुक बेहद क्लासिक रखा। उन्होंने क्रीम रंग का सिल्क कुर्ता और सुनहरे बॉर्डर वाली धोती पहनी थी। इसके ऊपर उन्होंने बारीक कढ़ाई वाली एक लंबी जैकेट और मैचिंग कमरबंद पहना था, वहीं काव्या ने हल्के गुलाबी रंग का बेहद खूबसूरत लहंगा पहना था, जिस पर बारीक कढ़ाई और सितारों का काम किया गया था।
उन्होंने अपने इस लुक को एक भारी चोकर हार और मैचिंग झुमकों के साथ पूरा किया।
रिसेप्शन
रिसेप्शन के लिए प्रधानमंत्री मोदी से को भी भेजा गया न्योता
ग्रीस में शादी के बाद अनिरुद्ध और काव्या 21 नवंबर को चेन्नई में ग्रैंड रिसेप्शन देंगे। इसकी पुष्टि तेलंगाना मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा साझा किए गए एक पोस्ट के जरिए हुई, जब काव्या के माता-पिता कलानिधि और कावेरी मारन ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मिलकर उन्हें न्योता दिया।
बता दें कि मेहमानों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और फिल्म जगत की बड़ी हस्तियां शामिल हैं।
लोकप्रियता
अनिरुद्ध ने शाहरुख खान से रजनीकांत तक के लिए बनाया संगीत
अनिरुद्ध रविचंदर ने साल 2012 में धनुष की फिल्म '3' के गाने 'व्हाई दिस कोलावेरी डी' से दुनियाभर में पहचान बनाई थी।
इसके बाद उन्होंने रजनीकांत, विजय, कमल हासन और शाहरुख खान जैसे बड़े सितारों की फिल्मों में संगीत दिया।
उनके हालिया प्रोजेक्ट्स में रजनीकांत की 'जेलर 2' भी शामिल है, वहीं काव्या मारन सनराइजर्स हैदराबाद की CEO और सन टीवी नेटवर्क की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं। उन्होंने ब्रिटेन के वारविक बिजनेस स्कूल से MBA किया था।