अनिल कपूर ला रहे '24' तो सिनेमाघरों में इस हफ्ते इन फिल्मों का रहेगा बोलबाला
क्या है खबर?
सिनेमाघरों में इस वक्त अक्षय कुमार की फिल्म 'भूत बंगला' और रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' छाई है। दूसरी ओर, मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष की 'डकैत' भी बॉक्स ऑफिस पर कब्जा जमाए बैठी है। इन फिल्मों के अलावा, दर्शकों का मनोरंजन करने कुछ और फिल्में-सीरीज भी अप्रैल के आखिरी हफ्ते में आ रही हैं जो लंबे समय से चर्चाओं के घेरे में शामिल थीं। आइए जानते हैं कि सूची में किसका-किसका नाम शामिल है।
#1
'24'
अनिल कपूर की वेब सीरीज '24' का तीसरा सीजन इस हफ्ते दस्तक देने वाला है। जय सिंह राठौड़ के किरदार में दिग्गज अभिनेता फिर से वापसी कर रहे हैं। उनके साथ अनुपम खेर, शबाना आजमी, टिस्का चोपड़ा, मंदिरा बेदी, साक्षी तंवर, अंगद बेदी और सिकंदर खेर जैसे सितारे भी हैं। सीरीज का निर्देशन अभिनय देव और नित्या मेहरा ने किया है। यह 24 अप्रैल से जियोहॉटस्टार पर आएगी। इसका पहला सीजन 2013 में और दूसरा सीजन 2016 में आया था।
#2 & #3
'गिन्नी वेड्स सनी 2' और 'मर्सी'
अविनाश तिवारी और मेधा शंकर की फिल्म 'गिन्नी वेड्स सनी 2' 24 अप्रैल, 2026 को सिनेमाघरों में आ रही है। यह कहानी एक पेशेवर पहलवान और मस्तमौला लड़की की बेमेल शादी पर आधारित है। प्रशांत झा द्वारा निर्देशित इसमें लिलेट दुबे, सुधीर पांडे और विश्वनाथ चटर्जी जैसे सितारे हैं। आदिल हुसैन और राज वासुदेवा की फिल्म 'मर्सी' भी इसी तारीख को सिनेमाघरों का रुख करेगी। मितुल पटेल के निर्देशन में बनी यह फिल्म इच्छामृत्यु के विषय पर आधारित है।
#4 & #5
'श्री बाबा नीब करोली महाराज' और 'द वार्डरोब'
शरद सिंह ठाकुर के निर्देशन में बनी अध्यात्मिक फिल्म 'श्री बाबा नीब करोली महाराज' 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। यह कैंची धाम स्थित बाबा नीब करोली के संपूर्ण जीवनकाल पर बनी एक बायोपिक है, जिसमें हितेन तेजवानी और समीक्षा बटनागर जैसे सितारे भी हैं। दूसरी ओर, रजनीश दुग्गल और दिव्या अग्रवाल की फिल्म 'द वार्डरोब' 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में आ रही है। यह एक अलौकिक हॉरर फिल्म है, जिसका निर्देशन सौरभ चौबे ने किया है।