
अमिताभ बच्चन अपने अजीज दोस्त चंद्रा बारोट के निधन से टूटे, लिखा- एक और दुखद क्षण
क्या है खबर?
अमिताभ बच्चन को 'डॉन' बनाने वाले निर्देशक चंद्रा बारोट ने 86 की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। फरहान अख्तर समेत बॉलीवुड से जुड़ी कई हस्तियां सोशल मीडिया पर उनके निधन पर शोक व्यक्त कर चुकी हैं और अब महानायक अमिताभ बच्चन ने भी इस खबर पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अमिताभ ने अपने ब्लॉक पर चंद्रा को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने क्या लिखा, आइए जानते हैं।
पोस्ट
वो पारिवारिक मित्र से भी बढ़कर थे- अमिताभ
अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर लिखा, 'एक और, एक और दुखद क्षण। मेरे प्रिय मित्र और 'डॉन' के निर्देशक चंद्र बरोट का आज सुबह निधन हो गया। इस क्षति को शब्दों में बयां कर पाना मुश्किल है। हमने सिर्फ साथ काम नहीं किया था, बल्कि वो पारिवारिक मित्र से कहीं बढ़कर थे। अब मैं बस प्रार्थना कर सकता हूं।' अमिताभ से पहले फरहान अख्तर ने भी चंद्रा की एक तस्वीर साझा कर उनके निधन पर शोक जताया था।
दुखद
लंबे समय से इस बीमारी से जूझ रहे थे निर्देशक
चंद्रा बीते लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें पल्मोनरी फाइब्रोसिस नाम की बीमारी थी। उनकी पत्नी दीपा बारोट ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में निर्देशक के निधन की पुष्टि की है। उनके अनुसार, चंद्र बरोट बीते सात सालों से पल्मोनरी फाइब्रोसिस जैसी गंभीर बीमारी जूझ रहे थे। उनका इलाज मुंबई के गुरुनानक अस्पताल में चल रहा था। इससे पहले भी उन्हें हालत बिगड़ने पर जस्लोक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
किस्मत
'डॉन' ने बदली थी अमिताभ की किस्मत
साल 1978 में डॉन सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जिसने अमिताभ को रातों-रात मशहूर कर दिया था। ये वो फिल्म थी, जो रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी और उस साल की ये तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी। इस फिल्म के बाद अमिताभ को बॉलीवुड का डॉन कहा जाने लगा था। इस फिल्म में अमिताभ के साथ-साथ जीनत अमान और प्राण भी मुख्य भूमिकाओं में थे।
किस्सा
दोस्त का कर्ज चुकाने के लिए बनाई थी चंद्रा ने 'डॉन'
'डॉन' बनने का किस्सा बेहद मजेदार है। दरअसल, निर्माता और सिनेमैटोग्राफर नरिमन ईरानी 1972 की फिल्म 'जिंदगी जिंदगी' बड़ी फ्लॉप रही थी। फिल्म के बाद वो 12 लाख के कर्ज में दब गए। वह फिल्म से जुड़े लोगों के पैसे नहीं चुका पा रहे थे। तब मनोज कुमार के सहायक निर्देशक रहे चंद्रा ने उन्हें इस कर्ज से उबरने के लिए दूसरी फिल्म बनाने का सुझाव दिया। सलीम-जावेद की स्क्रिप्ट में चंद्रा ने कुछ बदलाव किए और फिर बनी 'डॉन'।