अक्षय कुमार ने मुंबई में ओबेरॉय स्काई सिटी के 2 अपार्टमेंट बेचे, इतने में हुआ सौदा
क्या है खबर?
अक्षय कुमार ने मुंबई के बोरीवली पूर्व में स्थित ओबेरॉय स्काई सिटी प्रोजेक्ट में 2 आवासीय इकाइयां बेची हैं। सीआरई मैट्रिक्स द्वारा प्राप्त संपत्ति पंजीकरण दस्तावेजों के अनुसार, यह सौदा कुल 7.1 करोड़ रुपये में किया गया है। बताया जा रहा है कि संपत्ति से जुड़ा यह लेन-देन 2 जून, 2026 को पंजीकृत किया गया था। इस सौदे में 2 अपार्टमेंट की बिक्री शामिल थी, जिन्हें अभिनेता ने करीब 9 साल पहले खरीदा था।
संपत्ति
दोनों संपत्ति का कारपेट एरिया और सौदे की कीमत
बॉलीवुड हंगामा ने दस्तावेजों के हवाले से बताया कि बड़े अपार्टमेंट का कारपेट एरिया 1,101 वर्ग फुट है। साथ में 2 कार पार्किंग की सुविधा दी गई है। इस संपत्ति को 5.75 करोड़ रुपये में बेचा गया है, जिसमें 28.75 लाख रुपये का स्टांप शुल्क भी शामिल है। उसी फ्लोर पर स्थित दूसरे का क्षेत्रफल 252 वर्ग फुट है। एक कार पार्किंग वाली यह संपत्ति 1.35 करोड़ रुपये में बिकी है, जिसमें 6.75 लाख रुपये का स्टांप शुल्क शामिल है।
सौदा
2 जून को अभिनेता ने बेची दोनों संपत्ति
सुवर्णा रूपेशकुमार सकपाल ने 2 जून को पंजीकृत अलग-अलग लेनदेन के जरिए दोनों संपत्ती खरीदी हैं। संपत्ति के रिकॉर्ड से पता चलता है कि अभिनेता ने नवंबर, 2017 में इनक्लाइन रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड से यह संपत्ति खरीदी थी। इसमें बड़े अपार्टमेंट की कीमत 3 करोड़ रुपये और छोटे की कीमत 67.55 लाख रुपये थी। काम के मोर्चे पर, अक्षय को 'वेलकम टू द जंगल' में देखा जाएगा। अहमद खान द्वारा निर्देशित यह फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।