अक्षय कुमार ने लिया पैपराजी का पक्ष, बोले- बेचारे का घर चलता फोटो से; कैसी निजता?
क्या है खबर?
बॉलीवुड के गलियारों में हमेशा से चमक-धमक और निजी जिंदगी के बीच एक छिपी हुई जंग चलती रही है। जहां एक तरफ सितारे अपनी निजी आजादी को बचाने की जद्दोजहद में रहते हैं, वहीं दूसरी तरफ पैपराजी और फैंस की नजरें उनके हर कदम का पीछा करती हैं। हाल ही में निजता की इसी बहस के बीच सुपरस्टार अक्षय कुमार ने एक बेहद व्यावहारिक रुख अपनाकर सबका दिल जीत लिया है। क्या कहा अक्षय ने, आइए जानते हैं।
जवाब
"मेरी फोटो से किसी का घर चलता है तो मुझे कोई दिक्कत नहीं"
दिल्ली में आयोजित इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में अक्षय ने पैपराजी कल्चर पर कहा, "अगर मैं घर से बाहर कदम रखता हूं तो मुझे पता है कि लोग मुझे देखेंगे और मेरी तस्वीरें लेंगे। इसमें प्राइवेसी का कैसा रोना? मुझे खुशी होती है जब कोई फोटोग्राफर मेरी फोटो खींचता है, क्योंकि मुझे पता है कि उस एक तस्वीर को बेचकर शायद उसके घर का राशन आता है या किसी बच्चे की स्कूल फीस भरी जाती है।"
दो टूक
अक्षय बोले- 2 मिनट खड़े होकर फोटो खिंचवा लूं तो क्या परेशानी?
अक्षय बोले, "देखिए, जब मैं एयरपोर्ट से आता हूं, कभी मेरी पत्नी (ट्विंकल खन्ना) साथ होती है तो कभी बच्चे। लोग हमारी फोटो लेना चाहते हैं। मुझे पता चला कि फोटोग्राफर को मेरी एक फोटो लेने के करीब 3,500 से 4,000 रुपये मिलते हैं। अब अगर मेरी एक फोटो से उस बेचारे को इतने पैसे मिलते हैं तो मुझे क्या समस्या होनी चाहिए? मेरी शेरवानी में ऐसी क्या परेशानी आ जाएगी, अगर मैं 2 मिनट खड़ा होकर फोटो खिंचवा लूं?"
पक्ष
मेरी फोटो से उसका घर चल जाएगा और क्या चाहिए- अक्षय
सत्र के दौरान अक्षय ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि सितारों को अपनी निजता को लेकर जरूरत से ज्यादा परेशान नहीं होना चाहिए। उन्होंने पैपराजी का पक्ष लेते हुए एक बहुत ही मानवीय बात कही। वो बोले, "मेरी फोटो लेकर उस बेचारे का घर चल जाएगा, वो खुश हो जाएगा... और क्या हो जाएगा? कैसी निजता? इसमें कोई बुरी बात नहीं है। अगर आप बच्चों और बीवी के साथ बाहर निकले हो तो फिर किस बात की निजता?"
जोखिम
अक्षय कुमार ने बताया कलाकार के लिए सबसे बुरा दौर
अक्षय बोले, "ये कोई जोखिम नहीं। अगर कोई फोटो नहीं लेगा तो वह सबसे बड़ा जोखिम होगा। असली डर तब है, जब कोई आपकी फोटो लेना ही बंद कर दे। एक कलाकार के लिए सबसे बुरा दौर वो होता है, जब मीडिया और जनता उसमें दिलचस्पी लेना बंद कर दे।" काम के मोर्चे पर बात करें तो अक्षय के पास फिलहाल कई फिल्में हैं। उन्हें 'भूत बंगला', 'हैवान', 'वेलकम टू द जंगल' और 'गोलमाल 5' जैसी फिल्मों में देखा जाएगा।