Page Loader
अगले महीने वेब सीरीज 'रूद्र' की शूटिंग शुरू करेंगे अजय देवगन, इस अभिनेत्री की हुई एंट्री

अगले महीने वेब सीरीज 'रूद्र' की शूटिंग शुरू करेंगे अजय देवगन, इस अभिनेत्री की हुई एंट्री

Jun 11, 2021
06:29 pm

क्या है खबर?

अजय देवगन बतौर निर्माता OTT प्लेटफॉर्म पर डेब्यू कर चुके हैं। उनकी होम प्रोडक्शन फिल्म 'त्रिभंग' और 'द बिग बुल' पहले ही रिलीज हो चुकी है। अब वह लीड हीरो के तौर पर 'रूद्र-द एज ऑफ डार्कनेस' से डिजिटल जगत की ओर रुख कर रहे हैं। खबर है कि अजय अगले महीेने से इस सीरीज की शूटिंग शुरू करेंगे। इसमें अब लीड अभिनेत्री की भी एंट्री हो गई है। आइए जानते हैं सीरीज में किस अदाकारा की एंट्री हुई है।

रिपोर्ट

अजय के साथ दिखाई देंगी राशि खन्ना

अजय के OTT डेब्यू को लेकर उनके साथ-साथ फैंस भी बेहद उत्साहित हैं। बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक अजय 21 जून से वेब सीरीज 'रूद्र' की शूटिंग शुरू करने वाले हैं और इसमें उनके साथ साउथ की जानी-मानी अभिनेत्री और गायिका राशि खन्ना नजर आएंगी। वह इसका हिस्सा बन बेहद खुश हैं। मुंबई की कई अलग-अलग जगहों पर दो महीने के भीतर इस सीरीज की शूटिंग पूरी की जाएगी। वेब सीरीज का निर्देशन 'वेंटिलेटर' फेम राजेश मापुसकर करेंगे।

रोल

वेब सीरीज में पुलिस अफसर की भूमिका में दिखेंगे अजय

'रूद्र' में अजय देवगन पुलिस अफसर के किरदार में नजर आएंगे। अप्रैल में अपनी बेटी न्यासा के जन्मदिन पर अजय ने अपनी इस सीरीज का ऐलान किया था। 'रूद्र' का निर्माण एप्लॉज एंटरटेनमेंट और BBC स्टूडियोज मिलकर कर रहे हैं। इस पर अजय ने कहा था, "मेरी हमेशा से कोशिश रही है कि काबिल लोगों के साथ बेहतरीन काम करूं। 'रूद्र: द ऐज ऑफ डार्कनेस' की कहानी में रोमांच है। यह दर्शकों को बांधकर रखेगी।"

जानकारी

ब्रिटिश साइकोलॉजिकल क्राइम ड्रामा सीरीज 'लूथर' का हिंदी रीमेक है 'रूद्र'

'रूद्र' ब्रिटिश साइकोलॉजिकल क्राइम ड्रामा सीरीज 'लूथर' का हिंदी रीमेक है। नील क्रॉस की अंग्रेजी सीरीज में इदरिस एल्बा ने DCI जॉन लूथर का रोल निभाया है, जबकि अभिनेत्री एलिस मोर्गन इसमें रूथ विल्सन की भूमिका में थीं। हिंदी रीमेक में यह किरदार राशि खन्ना निभाएंगी। इस सीरज के अभी तक पांच सीजन आ चुके हैं, जिन्हें दर्शकों से खूब प्यार मिला है। हिंदी रीमेक 'रूद्र' की कहानी को मेट्रो शहर और हिन्दुस्तानी परिवेश के हिसाब से बनाया गया है।

पहचान

बॉलीवुड में नहीं गली राशि की दाल

राशि खन्ना अभिनेता शाहिद कपूर के साथ अपना डिजिटल डेब्यू करने जा रही हैं। दोनों राज एंड डीके की अगली वेब सीरीज में नजर आएंगे। इसमें साउथ के सुपरस्टार विजय सेतुपति भी अहम भूमिका निभाने वाले हैं। राशि ने 2013 में हिंदी फिल्म 'मद्रास कैफे' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में उन्होंने जॉन अब्राहम की पत्नी का किरदार निभाया था। हिंदी फिल्मों में राशि ज्यादा चमक नहीं पाईं, लेकिन साउथ की फिल्मों में उनका सिक्का चमक गया।

फिल्में

ये हैं अजय की आने वाली फिल्में

कुछ ही समय पहले अजय ने निर्माता सिद्धार्थ रॉय कपूर के साथ फिल्म 'गोबर' का ऐलान किया था। वह रकुल प्रीत सिंह और सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ फिल्म 'थैंक गॉड' में भी नजर आने वाले हैं। 'भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया' अजय की आने वाली बहुचर्चित फिल्मों में से एक है। फिल्म 'मेडे' में अजय, अमिताभ बच्चन के साथ नजर आएंगे। अजय फिल्म 'मैदान' में भी नजर आएंगे। 'सूर्यवंशी', 'RRR' और 'गंगूबाई काठियावाड़ी' भी उनकी आगामी फिल्मों में शुमार हैं।