LOADING...
'भूत बंगला' और 'हैवान' के बाद अक्षय-प्रियदर्शन की नई फिल्म की तैयारी, गुपचुप शुरू किया काम
प्रियदर्शन और अक्षय कुमार का नया धमाका

'भूत बंगला' और 'हैवान' के बाद अक्षय-प्रियदर्शन की नई फिल्म की तैयारी, गुपचुप शुरू किया काम

Apr 25, 2026
09:41 pm

क्या है खबर?

दिग्गज फिल्ममेकर प्रियदर्शन आजकल जबरदस्त फॉर्म में हैं और धीमी रफ्तार पकड़ने के मूड में बिल्कुल नहीं दिख रहे। 40 से अधिक वर्षों से सिनेमा जगत में सक्रिय प्रियदर्शन एक के बाद एक प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। अब एक बार फिर वो अक्षय कुमार के साथ फिल्म लेकर आ रहे हैं। 'भूत बंगला' और 'हैवान' जैसी फिल्मों के बाद ये सुपरहिट जोड़ी अब टिप्स फिल्म्स के अगले बड़े प्रोजेक्ट के लिए लगातार तीसरी बार साथ आने वाली है।

रिपोर्ट

टिप्स फिल्म्स के नए प्रोजेक्ट पर गुपचुप तरीके से शुरू किया काम

अक्षय और प्रियदर्शन की ब्लॉकबस्टर जोड़ी अब रुकने वाली नहीं। 'भूत बंगला' की सफलता और 'हैवान' की शूटिंग पूरी करने के बाद ये जोड़ी अब टिप्स फिल्म्स के अगले बड़े प्रोजेक्ट के लिए एक बार फिर साथ आ रही है। बॉलीवड हंगामा के मुताबिक, प्रियदर्शन ने इस नए धमाके की तैयारी गुपचुप तरीके से शुरू कर दी है। प्रियदर्शन एक बहुत ही रोमांचक फिल्म की तैयारी कर रहे हैं और उन्होंने इसके लिए अक्षय को साइन कर लिया है।

सहयोग

12 साल बाद अक्षय कुमार और 'टिप्स' की घर वापसी

अक्षय-प्रियदर्शन की ये फिल्म उनकी पुरानी सुपरहिट फिल्मों की तरह ही मनोरंजन से भरपूर होगी। इसे खासतौर पर इस तरह तैयार किया जा रहा है कि ये मौजूदा युवाओं के साथ-साथ पूरे परिवार का मनोरंजन कर सके। ये फिल्म टिप्स फिल्म्स द्वारा निर्मित की जाएगी। प्रतिष्ठित बैनर 'टिप्स' और दिग्गज निर्देशक प्रियदर्शन पहली बार किसी फिल्म के लिए साथ आ रहे हैं। उधर फिल्म 'एंटरटेनमेंट' (2014) के बाद ये अक्षय और टिप्स फिल्म्स की एक साथ दूसरी फिल्म होगी।

Advertisement

फिल्में

'हेरा फेरी' से शुरू हुआ सफर अब 9वीं फिल्म तक पहुंचा

अक्षय और प्रियदर्शन की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे सफल जोड़ियों में से एक रही है। ये जोड़ी अब तक 'हेरा फेरी' (2000), 'गरम मसाला' (2005), 'भागम भाग' (2006), 'भूल भुलैया' (2007), 'दे दना दन' (2009), 'खट्टा मीठा' (2010) और हालिया रिलीज 'भूत बंगला' में साथ काम कर चुकी है। जल्द आने वाली 'हैवान' इस जोड़ी की साथ में 8वीं फिल्म होगी, जबकि टिप्स फिल्म्स के साथ होने वाला अगला प्रोजेक्ट इनकी साथ में 9वीं फिल्म होगी।

Advertisement

अन्य फिल्में

अक्षय इन फिल्माें में भी आएंगे नजर

अक्षय के खाते में फिलहाल कई फिल्में हैं। एक ओर उन्हें 'हैवान' में सैफ अली खान संग देखा जाएगा, वहीं 'वेलकम टू द जंगल 'में वो कॉमेडी का तड़का लगाते दिखेंगे। 'गोलमाल 5' में भी अक्षय अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराएंगे, वहीं 'हेरा फेरी 3' अक्षय के खाते से जुड़ी है। अक्षय अपने करियर की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फिल्मों में से एक 'भागम भाग' का सीक्वल ला रहे हैं। अनीस बाज्मी के साथ भी उनकी एक फिल्म आ रही है।

Advertisement