केरलम के कोझिकोड में निपाह वायरस का मरीज मिला, 43 वर्षीय कारोबारी में संक्रमण की पुष्टि
क्या है खबर?
केरलम के कोझिकोड जिले में निपाह वायरस का मामला सामने आया है। यहां एक 43 वर्षीय कारोबारी में संक्रमण की पुष्टि हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फेरोक निवासी कारोबारी पहले निजी अस्पताल में भर्ती था, बाद में उसे कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में लाया गया। यहां उसके रक्त के प्रारंभिक परीक्षण में निपाह वायरस से संक्रमित होने की जानकारी मिली। इसके बाद मरीज को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर निगरानी की जा रही है। वह वेंटीलेटर सपोर्ट पर है।
वायरस
पुणे भेजे गए नमूने
रिपोर्ट के मुताबिक, मरीज के नमूने महाराष्ट्र में पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (NIV) भेजे गए हैं। गुरुवार को रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि मरीज की हालत फिलहाल स्थिर है। उसे तेज बुखार और मस्तिष्क की एक दुर्लभ, जानलेवा सूजन के कारण भर्ती किया गया है। उसके संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है और उनके नमूने लिए जा रहे हैं।
जांच
गोदाम की सफाई के दौरान संक्रमण की चपेट में आया कारोबारी
केरलम के स्वास्थ्य मंत्री के मुरलीधरन ने बताया कि कारोबारी ने हाल में एक नया गोदाम लिया है, जिसकी सफाई उसने खुद की थी। संभावना जताई जा रही है कि यहां चमगादड़ के मूत्र और बीट के संपर्क में आने से कारोबारी को संक्रमण हुआ है। फिलहाल, जांच जारी है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पहले व्यक्ति को हल्का बुखार था, लेकिन बाद में उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
चिंता
चिकित्सा बोर्ड की बैठक बुलाई गई
केरलम में निपाह की स्थिति का आकलन करने के लिए गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय चिकित्सा बोर्ड की बैठक बुलाई गई है। जिला अधिकारी भी अलग से बैठक करेंगे। मेडिकल कॉलेज और आसपास के क्षेत्रों में सख्त प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं और परिसर में आम जनता के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। बता दें कि कोझिकोड में 2021, 2023 और 2025 में निपाह वायरस के मामले सामने आ चुके हैं।