प्रणीत मोरे पर भड़का रश्मि देसाई का गुस्सा- इनकी वजह से पूरी बिरादरी बदनाम होती है
क्या है खबर?
उर्फी जावेद और कुशा कपिला के बाद अब मशहूर अभिनेत्री रश्मि देसाई भी कॉमेडियन प्रणीत मोरे और हिमांशु जांगड़ा पर बुरी तरह भड़क गई हैं। हाल ही में एक स्टैंड-अप कॉमेडी एक्ट के दौरान की गई '370 रुपये की बिरयानी' वाली विवादित टिप्पणी पर अभिनेत्री ने कड़ा ऐतराज जताया है। रश्मि ने सोशल मीडिया पर इस टिप्पणी को बेहद शर्मनाक बताते हुए साफ कहा है कि ऐसे लोगों के शो तुरंत बंद होने चाहिए।
टिप्पणी
सबसे पहले जानिए विवाद क्या है
दरअसल, प्रणीत के शो में 23 साल के हिमांशु जांगड़ा ने एक महिला संग डेट पर 370 रुपये की चिकन बिरयानी खर्च करने का जिक्र कर विवादित टिप्पणी की कि इतने पैसे लगाने के बाद उसे महिला से 'रिटर्न' (बदला) मिलना चाहिए था। इस बात पर प्रणीत हंस पड़े और उन्हें शो में आगे बोलने का मौका दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के खिलाफ भारी विरोध शुरू हो गया। विवाद बढ़ता देख हिमांशु-प्रणीत ने माफी भी मांगी थी।
नाराजगी
'रचनात्मकता खत्म होने पर ऐसी बातें करते हैं लोग'
इस विवाद में अब टीवी की मशहूर अभिनेत्री रश्मि देसाई की भी एंट्री हो गई है। रश्मि ने प्रफुल्ल गर्ग द्वारा शेयर की गई एक रील को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर री-पोस्ट करते हुए प्रणीत मोरे और हिमांशु जांगड़ा की जमकर क्लास लगाई। रश्मि ने लिखा, 'प्रफुल्ल भाई, ये कॉमेडी नहीं, सिर्फ एक आम बातचीत है। इसमें कोई कंटेंट नहीं है। जब लोगों के पास कंटेंट या रचनात्मकता नहीं होती, तब वे इस तरह की बातें शुरू कर देते हैं।'
मांग
लड़के की नौकरी तो गई, अब प्रणीत के शो भी बंद हों- रश्मि
रश्मि ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में प्रणीत पर निशाना साधते हुए लिखा कि वो न तो कलाकार है और ना ही कॉमेडियन। उन्होंने कहा कि ऐसी हरकतों से पूरी कॉमेडी बिरादरी बेवजह ट्रोल होती है, जिसका नुकसान असली कलाकारों को उठाना पड़ता है। रश्मि ने दावा किया कि हिमांशु की नौकरी पहले ही जा चुकी है और अब प्रणीत के शो भी तुरंत बंद होने चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर #ShameOnPranit हैशटैग के साथ अपनी कड़ी नाराजगी जाहिर की।
कदम
सोशल मीडिया पर बुरी तरह घिरे प्रणीत ने डिएक्टिवेट किया इंस्टाग्राम अकाउंट
सोशल मीडिया पर बढ़ते भारी विरोध और चौतरफा घिरने के बाद कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने आखिरकार अपना इंस्टाग्राम अकाउंट बंद कर दिया है। गौरतलब है कि हिमांशु के विवादित कमेंट पर हंसने और उसे बढ़ावा देने के लिए प्रणीत को केवल आम जनता ही नहीं, बल्कि मनोरंजन जगत के बड़े चेहरों का भी सामना करना पड़ा। कुशा कपिला से लेकर एल्विश यादव जैसे कई बड़े इन्फ्लुएंसर्स और कलाकारों ने इस मामले में प्रणीत की जमकर क्लास लगाई है।