'तनु वेड्स मनु 3' की वापसी तय, कंगना रनौत-आर माधवन की जोड़ी फिर मचाएगी धमाल
क्या है खबर?
कंगना रनौत और आर माधवन की लोकप्रिय फ्रैंचाइजी 'तनु वेड्स मनु' तीसरी कड़ी के साथ वापसी करेगी। आनंद एल रॉय द्वारा निर्देशित इसकी पहली कड़ी 2011 में आई थी, जबकि दूसरी किस्त 2015 में आई। रिलीज के करीब एक दशक से ज्यादा समय के बाद, निर्माता 'तनु वेड्स मनु: द नेक्स्ट चैप्टर' लेकर आ रहे हैं। जाहिर है कि फैंस इस फ्रैंचाइजी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब फिल्म के अपडेट ने उन्हें उत्साहित कर दिया है।
शूटिंग
'तनु वेड्स मनु: द नेक्स्ट चैप्टर' पर जल्द शुरू होगा काम
न्यूज 18 के मुताबिक, इरोस इनोवेशन ने हाल ही में अपने बड़े कंटेंट स्लेट की घोषणा की, जिसके साथ 'तनु वेड्स मनु: द नेक्स्ट चैप्टर' का ऐलान हुआ। निर्माताओं ने प्रोडक्शन शेड्यूल की ज्यादा जानकारी तो नहीं दी, लेकिन शूटिंग अगले साल शुरू होने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि तीसरी कड़ी का निर्देशन मिताक्षरा कुमार करेंगी, जिन्हें 'द एंपायर' और 'हीरामंडी' जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। सह-निर्माण रुद्रक्ष ज्योति सोमा लिमिटेड के बैनर तले होगा।
अटकलें
कंगना की धमाकेदार वापसी, निभा सकती हैं 3 किरदार
कहानी के बारे में कोई अपडेट नहीं आया है। इसके बावजूद कंगना के किरदार पर अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं। जाहिर है कि अभिनेत्री ने 'तनु वेड्स मनु रिर्टन्स' में दोहरा किरदार (तनु और कुसुम सांगवान उर्फ दत्तो) निभाया था। इसलिए उत्सुकता है कि क्या कंगना फिर कई भूमिकाएं निभाएंगी। ऐसी अटकलें भी हैं कि इस बार अभिनेत्री 3 किरदार निभा सकती हैं। हालांकि निर्माताओं की ओर से अभी तक ऐसी किसी योजना की पुष्टि नहीं की गई है।