आमिर के बाद अभिनेता आर माधवन भी मिले कोरोना संक्रमित, बोले- ऑल इज वेल
देश में कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि देखने को मिली है। हाल ही में दिग्गज अभिनेता आमिर खान को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था। अब आमिर की फिल्म 'थ्री इडियट्स' में उनके को-स्टार रहे अभिनेता आर माधवन को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। अभिनेता माधवन ने सोशल मीडिया पर खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी है। इसके साथ ही उन्होंने बताया है कि उनका स्वास्थ्य अभी ठीक है।
माधवन ने मजाकिया अंदाज में फैंस को दी संक्रमित होने की जानकारी
माधवन ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर अपने ताजा स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'फरहान को हमेशा रैंचो को फॉलो करना होगा और वायरस हमेशा हमारे पीछे होगा। लेकिन इस बार वायरस ने हमें पकड़ लिया है। हम जल्द ठीक हो जाएंगे। यह ऐसी जगह है जहां हम नहीं चाहते कि राजू आए।' इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह जल्द रिकवर हो जाएंगे। उन्होंने प्रशंसकों के प्रति आभार जताया है।
यहां देखिए माधवन का ट्विटर पोस्ट
'थ्री इडियट्स' में देखने को मिली थी आमिर और माधवन की केमिस्ट्री
गौरतलब है कि 'थ्री इडियट्स' में माधवन ने फरहान का किरदार निभाया था। इस फिल्म में आमिर को रैंचो की भूमिका में देखा गया था। शरमन जोशी राजू नाम के व्यक्ति के किरदार में नजर आए थे। इस फिल्म में बोमन ईरानी वीरू सहस्त्रबुद्धि (वायरस) की भूमिका में दिखे थे। साल 2009 में रिलीज हुई यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी। फिल्म का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया था। इसमें आमिर, माधवन और शरमन की केमिस्ट्री देखने लायक थी।
बुधवार को आमिर पाए गए थे कोरोना पॉजिटिव
बुधवार को आमिर को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। आमिर के प्रवक्ता ने बयान जारी करके कहा था, ''आमिर का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। वह सभी प्रोटोकॉलों का पालन करते हुए घर पर ही होम क्वारंटाइन हो गए हैं और वह अभी ठीक हैं। हाल के दिनों में उनके संपर्क में आने वाले सभी लोगों को एहतियात के तौर पर खुद का कोरोना टेस्ट कराने के लिए कहा गया है। आप सभी की शुभकामनाओं और चिंताओ के लिए धन्यवाद।''
इस प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं माधवन
माधवन के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्हें आखिरी बार बॉलीवुड के प्रोजेक्ट में कंगना रनौत की फिल्म 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' में देखा गया था। यह फिल्म 2015 में रिलीज हुई थी। इसके बाद उन्हें शाहरुख खान की फिल्म 'जीरो' में एक कैमियो के रूप में एक स्पेशल अपीयरेंस में देखा गया था। हाल के दिनों में वह तमिल और तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में अधिक सक्रिय हैं। माधवन को 'रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट' में अभिनय करते हुए देखा जाएगा।
देश में बढ़ रहे हैं कोरोना वायरस के मामले
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 53,476 नए मामले सामने आए और 251 मरीजों की मौत हुई है। पांच महीने बाद देश में एक दिन में इतने मरीज मिले हैं। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ते हुए 3,95,192 पर पहुंच गई है। नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 31,855 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 95 मरीजों की मौत हुई। महामारी की शुरुआत के बाद राज्य में एक दिन मिले ये सर्वाधिक मामले हैं।