Page Loader
12वीं के बाद राजनीति विज्ञान विषय से इन क्षेत्रों में बना सकते हैं करियर
राजनीति विज्ञान विषय से शीर्ष करियर विकल्प (तस्वीरः फ्रीपिक)

12वीं के बाद राजनीति विज्ञान विषय से इन क्षेत्रों में बना सकते हैं करियर

लेखन राशि
Sep 30, 2023
10:42 am

क्या है खबर?

राजनीति विज्ञान सामाजिक विज्ञान की एक शाखा है जो विभिन्न समाज में सरकारी संस्थानों, राजनीतिक विचारों और कार्यों पर केंद्रित है। राजनीति विज्ञान अनेक रोमांचक अवसरों के साथ छात्रों को अपना करियर आगे बढ़ाने में मदद करता है। राजनीति विज्ञान उन छात्रों के लिए आदर्श विषय है जो राजनीतिक प्रणालियों के काम करने के तरीके को समझने में रुचि रखते हैं। आइए राजनीति विज्ञान विषय से 12वीं के बाद बेहतर करियर विकल्पों के बारे में जानते हैं।

#1

पत्रकारिता में बनाएं करियर

राजनीति विज्ञान से पढ़ाई करने वाले छात्र पत्रकारिता में बेहतर करियर बना सकते हैं। 12वीं के बाद आप मास कम्युनिकेशन में डिग्री कोर्स कर एंकर, रिपोर्टर, संपादक या न्यूज राइटर के रूप में काम कर सकते हैं। जिन पत्रकारों ने राजनीति विज्ञान की पढ़ाई की है, वे अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय नीतियों पर विस्तृत रिपोर्ट बनाने में सक्षम होते हैं। अच्छा अनुभव प्राप्त करने के बाद आप विधानसभा, लोकसभा तक मीडिया सलाहकार के रूप में नौकरी हासिल कर सकते हैं।

#2

प्रोफेसर के रूप में बनाएं करियर

राजनीति विज्ञान की डिग्री प्राप्त कर विश्वविद्यालय या कॉलेज में प्रोफेसर बन सकते हैं। किसी शासकीय स्कूल में पढ़ाने के लिए BEd की डिग्री होना जरूरी है। अगर आप कॉलेज में पढ़ाना चाहते हैं तो आपको UGC NET परीक्षा पास करनी होगी। इस विषय में PhD करने के बाद आप शीर्ष संस्थानों के साथ जुड़ सकते हैं। एक प्रोफेसर के रूप में शुरुआत में ही आपको 60,000 से 80,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिल सकता है।

#3

सिविल सेवक के रूप में बनाएं करियर

राजनीति विज्ञान विषय से स्नातक करने वाले युवा सिविल सेवा के क्षेत्र में अपना करियर बना सकते हैं। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा (CSE) के पाठ्यक्रम में राजनीति विज्ञान प्रमुख विषय है। मुख्य परीक्षा में राजनीति विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय संबंध प्रमुख वैकल्पिक विषय है। परीक्षा पास करने के बाद उम्मीदवार IAS, IPS और IFS अधिकारी बन सकते हैं। कम उम्र में परीक्षा पास करने पर कैबिनेट सेक्रेटरी पद पर सेवाएं देने का मौका भी मिलता है।

#4

राजनैतिक विश्लेषक के रूप में बनाएं करियर

राजनीति विज्ञान की पढ़ाई के दौरान प्रमुख सार्वजनिक नीति के गहन ज्ञान के साथ-साथ मजबूत आलोचनात्मक सोच भी विकसित होती है। ये कौशल राजनैतिक और नीति विश्लेषक बनने के लिए महत्वपूर्ण हैं। कई संसद सदस्य और निर्वाचित प्रतिनिधि अक्सर विधान सहायकों को नियुक्त करते हैं। इनका काम नीतिगत मुद्दों, लंबित कानून पर शोध करना और नीतियों के क्रियान्वयन के लिए रिपोर्ट तैयार करना होता है। इस क्षेत्र में काम करके भी आप अच्छी कमाई कर सकते हैं।

जानकारी

कानून के क्षेत्र में बनाएं करियर

राजनीति विज्ञान की पढ़ाई कर चुके उम्मीदवार कानून के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकते हैं। इसके लिए उन्हें LLB की डिग्री हासिल करनी होगी। इसके अलावा सोशल मीडिया मैनेजर, खुफिया विश्लेषक, जनसंपर्क प्रतिनिधि के रूप में भी करियर बना सकते हैं।