
सामाजिक कार्यकर्ता बनने की चाह है तो इन ऑनलाइन कोर्स से करें पढ़ाई
क्या है खबर?
सामाजिक कार्यकर्ता किसी व्यक्ति को किसी परेशानी या दुख से राहत दिलाने और उनके निवारण का प्रयत्न करते हैं।
एक सामाजिक कार्यकर्ता सिर्फ व्यक्ति ही नहीं बल्कि पशु, पर्यावरण और संसार में भलाई का कोई भी काम कर सकता है।
आइए अब जानते हैं कि अगर किसी को समाज में पुण्य करना हो और इसे अपने रोजगार में तब्दील करना हो तो उसे क्या पढ़ाई करनी चाहिए, ताकि वह इसे अपना पेशा बना सके।
खासियत
सामाजिक कार्यकर्ता बनने के लिए क्या खासियत होनी चाहिए?
एक सामाजिक कार्यकर्ता के अंदर समझदारी, बातचीत करने का तरीका और किसी कार्य को पूरा करने का हौसला होना चाहिए।
सामाजिक कार्यकर्ता ऐसे इंसान होते हैं जो दुनिया में परिवर्तन की जरूरत को देख पाते हैं और उसे पूरा करने के लिए अपनी तरफ से समर्पित रहते हैं।
अगर आप किसी ऐसी चीज में परिवर्तन लाने को तैयार हैं, जिसकी आपको परवाह है, तो नीचे बताए गए कोर्स करने के बाद आपको अपना लक्ष्य हासिल करने में आसानी होगी।
मिशिगन
यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन से करें सामाजिक कार्य: अभ्यास, नीति और अनुसंधान की पढ़ाई
सामाजिक कार्यकर्ताओं के गुणों को निखारने के लिए यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन चार माह का ऑनलाइन कोर्स कराती है।
इस कोर्स के अंतर्गत सामाजिक कार्य के महत्व, सामाजिक कार्य के इतिहास, समाज पर सार्वजनिक नीतियों के प्रभाव और इस क्षेत्र में शोध कार्य कैसे किया जा सकता है, इसकी शिक्षा दी जाती है।
कोर्स में यह बताया जाता है कि कैसे सामाजिक कार्य द्विपक्षीय संबंधों और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को बेहतर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण जरिया बन सकता है।
सामाजिक मनोविज्ञान
वेस्लेयन यूनिवर्सिटी से करें सामाजिक मनोविज्ञान की पढ़ाई
अमेरिका में स्थित वेस्लेयन यूनिवर्सिटी सामाजिक मनोविज्ञान कोर्स के लिए 38 घंटे की ऑनलाइन पढ़ाई कराती है।
इस कोर्स के तहत बताया जाएगा कि एक सामाजिक कार्यकर्ता के लिए व्यक्तियों को समझने की आवश्यकता कैसे महत्वपूर्ण है क्योंकि वह विभिन्न पृष्ठभूमि के लोगों के साथ सीधे काम करते हैं।
इस कोर्स का उद्देश्य व्यक्ति के दिमाग को समझने के लिए प्रशिक्षित करना है ताकि आप उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए अन्य व्यवहार पद्धतियों को लागू कर सकें।
सामाजिक कार्य
सामाजिक कार्य के गुण ढाई घंटे में सिखाएगा यूडेमी
यह ढाई घंटे का 'फाउंडेशन ऑफ सोशल वर्क' वीडियो कोर्स सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में करियर बनाने के इच्छुक लोगों के लिए मध्यवर्ती स्तर का प्रशिक्षण प्रदान करता है। इस कोर्स की पढ़ाई ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफॉर्म यूडेमी की वेबसाइट www.udemy.com से कर सकते हैं।
इस कोर्स के तहत आपको सामाजिक कार्य से संबंधित रोजगार के बारे में जानकारी दी जाती है। इसके साथ ही इस क्षेत्र में कार्य करने के गुण सिखाए जाते हैं।