Page Loader
शेयर बाजार: सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा टूटा, क्या है गिरावट की वजह?
सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा टूटा (तस्वीर: फ्रीपिक)

शेयर बाजार: सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा टूटा, क्या है गिरावट की वजह?

Jun 23, 2025
01:00 pm

क्या है खबर?

भारतीय शेयर बाजार में आज (23 जून) मंदी देखने को मिल रही है। बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा टूटकर 81,476.76 तक गिर गया, जबकि निफ्टी 24,824.85 के स्तर तक लुढ़क गया। कमजोर वैश्विक संकेतों और चौतरफा बिकवाली के कारण मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक में भी लगभग 1 प्रतिशत की गिरावट आई। BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 3 लाख करोड़ रुपये घटकर 445 लाख करोड़ रुपये रह गया।

#1

अमेरिका-ईरान तनाव से बाजार में गिरावट 

भारतीय शेयर बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ा तनाव है। अमेरिका ने पिछले हफ्ते ईरान की 3 परमाणु साइटों पर हमला किया, जिससे पश्चिम एशिया में युद्ध की आशंका गहराई है। बाजार को डर है कि अगर ईरान ने अमेरिका के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की तो यह संकट और बढ़ सकता है। ऐसे हालात में निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर भाग रहे हैं और शेयर बाजार में बिकवाली तेज हो गई है।

#2

तेल के दाम, डॉलर और रुपये की कमजोरी से दबाव 

ईरान की होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की धमकी भी गिरावट की बड़ी वजह है, जिससे तेल आपूर्ति बाधित होने का खतरा है। इससे कच्चे तेल के दाम बढ़कर 79 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गए हैं। तेल की महंगाई भारत की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकती है। आज रुपया 17 पैसे गिरकर डॉलर के मुकाबले 86.72 पर पहुंच गया और डॉलर इंडेक्स में भी तेज़ी आई, जिससे विदेशी निवेशकों की निकासी का डर बढ़ गया है।

#3

वैश्विक मंदी का डर और व्यापार पर असर 

भारत की अर्थव्यवस्था भले घरेलू खपत पर टिकी हो, लेकिन दुनिया में चल रहे तनाव और टैरिफ अनिश्चितता से वैश्विक व्यापार पर असर पड़ सकता है। रूस-यूक्रेन, इजरायल-गाजा और अब इजरायल-ईरान युद्ध जैसे संकटों के कारण निवेशकों को डर है कि भारत की विकास रफ्तार भी धीमी पड़ सकती है। ऐसे माहौल में जोखिम लेने से निवेशक बचते हैं और शेयर बाजार में बिकवाली बढ़ती है, जिससे गिरावट का दबाव बना रहता है।