
अनिल अंबानी से जुड़ी 50 कंपनियों पर ED का छापा, जानिए पूरा मामला
क्या है खबर?
कारोबारी अनिल अंबानी की कंपनियों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई शुरू हो गई है। गुरुवार को मुंबई और दिल्ली में अनिल से जुड़ी करीब 50 कंपनियों और 25 व्यक्तियों के ठिकानों पर केंद्रीय एजेंसी की टीम ने छापा मारा है। छापेमारी भारतीय स्टेट बैंक (SBI) द्वारा रिलायंस कम्युनिकेशंस और इसके प्रमोटर-निदेशक अनिल अंबानी को धोखाधड़ी के रूप में वर्गीकृत किए जाने के कुछ दिन बाद की गई है। एजेंसी ने अंबानी के निजी आवास पर तलाशी नहीं ली है।
जांच
कई जानकारी के आधार पर मारा गया छापा
दिल्ली और मुंबई से आई ED की टीमों ने अनिल की कुछ कंपनियों से जुड़े परिसरों का दौरा किया है। ED ने राष्ट्रीय आवास बैंक, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI), राष्ट्रीय वित्तीय रिपोर्टिंग प्राधिकरण (NFRA), बैंक ऑफ बड़ौदा और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा दर्ज 2 FIR सहित कई नियामक और वित्तीय निकायों से प्राप्त जानकारी के बाद छापा मारा है। इसे रिलायंस अनिल अंबानी समूह (RAAGA) कंपनियों द्वारा कथित धन शोधन से जोड़ा गया है।
विवाद
क्या है मामला?
यस बैंक ने 2017 से 2019 के बीच RAAGA को 3,000 करोड़ रुपये का कर्ज अनुचित तरीके से दिया था। आरोप है कि कर्ज के रुपयों का उपयोग बैंक-निवेशकों को धोखा देने, शेल कंपनियों में हस्तांतरित करने और सार्वजनिक धन में हेराफेरी के लिए किया गया। बैंक और कई एजेंसियों ने इस धोखाधड़ी को उजागर करते हुए FIR दर्ज कराई, जिसके बाद 13 जून को SBI ने अनिल को 'फ्रॉड' घोषित किया और 24 जून को RBI को जानकारी दी।