बजट 2026 में युवाओं की नौकरी और शिक्षा से जुड़े क्या ऐलान हुए हैं?
क्या है खबर?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश कर दिया है। इसमें युवाओं की शिक्षा और रोजगार को लेकर अहम ऐलान किए गए हैं। क्रिएटर इकोनॉमी के लिहाज से कंटेंट क्रिएटर लैब की बड़ी घोषणा की गई है। युवाओं के बीच कंटेंट क्रिएशन का बढ़ता रुझान और सोशल मीडिया के बढ़ते दायरे के लिहाज से इसे अहम घोषणा माना जा रहा है। इसके अलावा नए AIIMS के साथ ही शिक्षा को लेकर भी अहम ऐलान हुए हैं।
कंटेंट
15,000 स्कूलों में स्थापित होगी कंटेंट क्रिएटर लैब्स
सरकार ने एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) सेक्टर को आगे बढ़ाने के लिए खास कदम उठाने की बात कही है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज की मदद से देश भर में कंटेंट क्रिएटर लैब्स बनाई जाएंगी। ये लैब्स 15,000 सेकेंडरी स्कूलों और 500 कॉलेजों में स्थापित होंगी। यहां छात्रों को एनिमेशन, गेमिंग, विजुअल इफेक्ट्स और डिजिटल कंटेंट बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सरकार का अनुमान है कि 2030 तक इस क्षेत्र में 20 लाख नौकरियां पैदा होंगी।
छात्रावास
हर जिले में बनेगा एक महिला छात्रावास
वित्त मंत्री ने हर जिले में एक बालिका छात्रावास खोलने का ऐलान किया है। व्यवहार्यता अंतर निधि (VGF) या पूंजीगत सहायता के जरिए इसकी स्थापना की जाएगी। खगोल भौतिकी और खगोल विज्ञान को बढ़ावा देने के लिए 4 दूरबीन अवसंरचना सुविधाओं की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा सरकार औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर के आसपास 5 विश्वविद्यालय टाउनशिप बनाने में राज्यों की मदद करेगी। इन शैक्षणिक क्षेत्रों में कई विश्वविद्यालय, कॉलेज, अनुसंधान संस्थान, कौशल केंद्र और आवासीय परिसर होंगे।
AIIMS
3 नए AIIMS की होगी स्थापना
इसके अलावा, ऑप्टोमेट्री, एनेस्थीसिया, एप्लाइड साइकोलॉजी और बिहेवियरल हेल्थ सहित 10 नए संबद्ध स्वास्थ्य विषयों को शुरू किया जाएगा, जिसका लक्ष्य अगले पांच वर्षों में 1 लाख संबद्ध स्वास्थ्य पेशेवरों (एएचपी) को प्रशिक्षित करना है। सीतारामन ने बायोफार्मा शक्ति मिशन के तहत 3 नए AIIMS की स्थापना और 7 मौजूदा को उन्नत करने की घोषणा की है। सरकार ने पशु चिकित्सा महाविद्यालयों, अस्पतालों, प्रयोगशालाओं और प्रजनन सुविधाओं के लिए सब्सिडी सहायता योजना शुरू करने की घोषणा हुई है।
संस्थान
ये नए संस्थान भी होंगे शुरू
नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ डिजाइन (NID) की स्थापना होगी, जो पूर्वोत्तर में डिजाइन से जुड़ी शिक्षा और विकास को बढ़ावा देगा। दूसरे नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरो साइंसेस (NIMHANS) की स्थापना होगी। देश का पहला NIMHANS बेंगलुरू में है। नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ हॉस्पिटेलिटी की स्थापना होगी। नए वेटरनरी और पैरा-वेटरनरी कॉलेज बनाए जाएंगे। 3 नए नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (NIPER) बनेंगे। 20,000 ऐतिहासिक स्थलों के लिए 10,000 टूरिस्ट गाइड्स तैयार किए जाएंगे। इन्हें IIM प्रशिक्षण देंगे।
शिक्षा बजट
शिक्षा में कितना बजट आवंटित किया गया?
बजट में शिक्षा मंत्रालय को 1,39,285.95 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। ये पिछले साल के 1,28,650 करोड़ रुपये से लगभग 8 प्रतिशत ज्यादा है। स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग के लिए 83,561 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। पिछले बजट में ये राशि 78,572 करोड़ रुपये थी। उच्च शिक्षा विभाग का हिस्सा भी लगभग 11 प्रतिशत बढ़ा है। पिछले बजट में ये 50,078 करोड़ रुपये था, अब बढ़कर 55,724.54 करोड़ रुपये हो गया है।