महिंद्रा XUV700 के लिए लंबा हुआ इंतजार, वेटिंग पीरियड 18 महीनों तक बढ़ा

अभी कुछ दिन पहले ही महिंद्रा ने जनवरी, 2022 तक XUV700 की 14,000 यूनिट्स डिलीवर करने की बात कही थी और अब खबर आ रही है कि इसकी बढ़ती मांग के कारण SUV के लिए आपको 18 महीनों तक इंतजार करना पड़ सकता है। आपको बता दें कि महिंद्रा XUV700 की बुकिंग 7 अक्टूबर को शुरू हुई थी और इसकी लोकप्रियता के कारण महज एक घंटे में इसकी 25,000 यूनिट्स बुक हो गई थी।
ताजा जानकारी के मुताबिक, XUV700 के टॉप वेरिएंट AX7L की वेटिंग पीरियड 72 से 75 हफ्ते यानी लगभग 18 महीने हैं। इसके दूसरे वेरिएंट AX7 के लिए 65 से 67 हफ्ते और AX5 के लिए 50 से 52 हफ्तों तक इंतजार करना पड़ सकता है। इसके AX3 मॉडल के लिए भी इतने ही समय तक इंतजार करना होगा, जबकि इसके बेस मॉडल MX के लिए सबसे कम 35-37 हफ्तों तक का वेटिंग पीरियड है।
महिंद्रा XUV700 की डिलीवरी 30 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है और पहले पेट्रोल वेरिएंट को डिलीवर किया गया है। वहीं, इसके डीजल वेरिएंट के पहले बैच की डिलीवरी नवंबर के आखिरी सप्ताह से शुरू हो चुकी है। इसके आलवा महिंद्रा ने हर महीने 5,600 यूनिट्स की औसत डिलीवरी का लक्ष्य भी रखा है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि 50,000 से अधिक ग्राहक अभी भी नए मॉडल की डिलीवरी का इंतजार कर रहे हैं।
नई महिंद्रा XUV700 की डिलीवरी के लिए कंपनी ने सामान्य बुकिंग ऑर्डर पर डिलीवरी करने के बजाए एक अलग तरीका अपनाया है। इसके तहत अलग-अलग शहरों में हुई बुकिंग, डीलरों की संख्या, डीलर काउंटरों पर हुई बुकिंग और ऑनलाइन बुकिंग का अनुपात और वेरिएंटों के प्रोडक्शन के आधार पर ग्राहकों को डिलीवरी दी जाएगी। महिंद्रा ने इस एल्गोरिदम-आधारित प्रक्रिया को तैयार करने और लागू करने के लिए वैश्विक परामर्श कंपनियों में से एक के साथ पार्टनरशिप की है।
XUV700 में डीजल और पेट्रोल इंजन विकल्प मिलेंगे। डीजल मॉडल में 2.0 लीटर वाले 4-सिलिंडर m-हॉक इंजन को जोड़ा गया है, जो 185hp की पावर और 420Nm का टॉर्क जनरेट करता है। वहीं, ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ यह 450Nm का टॉर्क जनरेट करेगा। जबकि इसके पेट्रोल मॉडल को 2.0 लीटर का 4-सिलिंडर वाला टर्बो-इंजन दिया गया है, जो 200hp की पावर और 380Nm का टॉर्क जनरेट करता है। दोनों यूनिट्स को 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स भी दिया गया है।
महिंद्रा XUV700 के कीमत की बात करें तो यह 11.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, भारत) की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध है। नई SUV को दो ट्रिम MX और AX में पेश किया गया है, जिसमें AX ट्रिम के तीन वेरिएंट-AX3, AX5, AX7 और AX7L शामिल हैं।
जानकारी के लिए आपको बता दें कि महिंद्रा ग्राहकों को कुछ सुविधाओं को छोड़ने का विकल्प देने के लिए XUV700 के कुछ खास वेरिएंट्स को पेश कर सकती है, जिसके लिए उन्हें कम कीमत चुकानी होगी। इससे SUV की डिलीवरी को तेज करने में मदद मिलेगी। हालांकि, ग्राहकों को कम सुविधाओं वाले वेरिएंट को चुनने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा और यह पूरी तरह से ग्राहक के निर्णय पर निर्भर करेगा।