LOADING...
महिंद्रा XUV700 का जेवलिन एडिशन, गोल्डन टच के साथ दिखा शानदार लुक
महिंद्रा XUV700 के जेवलिन एडिशन की दिखी पहली झलक

महिंद्रा XUV700 का जेवलिन एडिशन, गोल्डन टच के साथ दिखा शानदार लुक

Oct 02, 2021
08:59 pm

क्या है खबर?

कुछ समय पहले ही महिंद्रा एंड महिंद्रा के CEO आनंद महिंद्रा ने टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल विजेता नीरज चोपड़ा को अपनी नई XUV700 SUV का खास जेवलिन एडिशन गिफ्ट में देने की बात कही थी और अब इसे चेन्नई में कंपनी के प्लांट के पास देखा गया है। रशलेन में छपी खबर के मुताबिक, प्लांट के पास गुप्त रूप से देखी गई XUV700 वेरिएंट नीरज चोपड़ा एडिशन है, जिसके सामने की तरफ गोल्डन टच दिखाई पड़ता है।

एक्सटिरीयर

कार में दिया गया है गोल्डन टच

नीरज के लिए बनाए जाने वाले खास XUV700 जेवलिन एडिशन को मिडनाइट ब्लैक एक्सटीरियर कलर में बाहर और अंदर दोनों तरफ गोल्डन एक्सेंट के साथ देखा गया है। जहां नॉर्मल XUV700 SUVs में क्रोम फ्रंट ग्रिल देखने को मिलेगी, वहीं नीरज के लिए बनाई जाने वाली SUV में गोल्डन फ्रंट ग्रिल देखने को मिलती है। ये गोल्डन ग्रिल टोक्यो 2020 ओलंपिक में जीते गए स्वर्ण पदक के प्रतीक रूप में लिया गया है।

इंटीरियर

केबिन में है 87.58 नंबर का जिक्र

XUV700 के जेवलिन एडिशन के केबिन में भी गोल्डन टच देखने को मिलते हैं। डुअल टोन डैशबोर्ड को गोल्डन थ्रेड स्टिचिंग के साथ देखा गया है। ऐसा ही लैदर सीट्स पर भी देखने को मिलता है। इसके अलावा केबिन में 87.58 नंबर का जिक्र किया गया है। यह नीरज चोपड़ा द्वारा 87.58 मीटर तक फेंके गए जेवलिन की दूरी है, जिससे वह गोल्ड मेडल विजेता बने थे। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि SUV पेट्रोल या डीजल यूनिट है।

जानकारी

इन नामों को कराया गया है पेटेंट

पिछले महीने ही महिंद्रा ने दो नए नाम 'महिंद्रा जेवलिन' और 'जेवलिन बाय महिंद्रा' को दर्ज कराया था। चूंकि, हम जानते हैं कि ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज के लिए एक विशेष एडिशन का निर्माण किया जा रहा है। इसलिए यह साफ हो गया है कि इस एडिशन को उपर्युक्त नामों से पुकारे जाने की संभावना है। साथ ही उम्मीद की जा रही है कि जेवलिन एडिसन को बॉडी और इंटीरियर पर कुछ और गोल्डन ट्रिंकेट दिए जाएंगे।

वेरिएंट

हाल में लॉन्च हुए हैं XUV700 के सभी वेरिएंट्स

अगर महिंद्रा के सामान्य XUV700 की बात करें तो कंपनी ने हाल ही में इसके सभी वेरिएंट्स को लॉन्च किया है। कंपनी ने पहले अगस्त में इसके बेस वेरिएंट को 11.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया था और अब कंपनी ने कार के रेंज-टॉपिंग AX7 वेरिएंट को लॉन्च कर दिया गया है। टॉप मॉडल AX7 के पेट्रोल मैनुअल वेरिएंट को 17.59 लाख रुपये में और डीजल ऑटोमैटिक ट्रिम को 19.79 लाख रुपये में लॉन्च किया गया है।

विकल्प

SUV में हैं कुल 34 ट्रिम्स के विकल्प

XUV700 को चार वेरिएंट्स- MX3, AX3, AX5 और AX7 में पेश किया गया है। कार का हर वेरिएंट 8 से 9 ट्रिम्स में उपलब्ध होगा, जिसमें 5-सीटर और 7-सीटर भी शामिल हैं। अगर इन्हें इंजन, ट्रांसमिशन विकल्प, बैठने के विकल्प पर बांटा जाए तो लॉन्च के समय महिंद्रा XUV700 के कुल 34 ट्रिम्स ग्राहकों के लिए विकल्प के रूप में होंगे। सभी वेरिएंट को पेट्रोल और डीजल इंजन के विकल्प में पेश किया गया है।