आनंद महिंद्रा ने ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा को गिफ्ट की अपकमिंग XUV700

भारत के भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा के टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक पर कब्जा करते ही पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई है। पहले हरियाणा सरकार ने नीरज को छह करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी देने का ऐलान कर दिया और अब देश की दिग्गज कंपनी महिंद्रा के CEO आनंद महिंद्रा ने नीरज को बधाई देते हुए महिंद्रा की अपकमिंग SUV XUV700 देने की घोषणा की है। आइए जानते हैं पूरी खबर।
भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने फाइनल में 87.58 मीटर दूर भाला फेंक कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ओलंपिक इतिहास में आज तक किसी भी भारतीय ने एथलेटिक्स में पदक हासिल नहीं किया था। नीरज ने यह कारनाम कर दिखाया।
Yes indeed. It will be my personal privilege honour to gift our Golden Athlete an XUV 7OO @rajesh664 @vijaynakra Keep one ready for him please. https://t.co/O544iM1KDf
— anand mahindra (@anandmahindra) August 7, 2021
महिंद्रा XUV700 की लॉन्चिंग का समय अब करीब आ गया है। जानकारी के मुताबिक, XUV700 के लॉन्च की तारीख 15 अगस्त, 2021 रखी गई है। हालांकि, कंपनी ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। पिछले साल महिंद्रा ने 15 अगस्त को अपनी न्यू जनरेशन थार को पेश किया था और 2 अक्टूबर को इसकी लॉन्चिंग हुई थी। यह समय थार के लिए काफी सफल रहा था, इसलिए इस साल कंपनी इस लॉन्चिंग डेट को फिर से दोहरा सकती है।
स्मार्ट डोर हैंडल्स XUV700 की एक शानदार विशेषता है। इसमें लगा स्मार्ट डोर हैंडल एक चिकना बार है जो बॉडी पैनल के साथ जुड़ा हुआ है। स्मार्ट डोर हैंडल बार पर सेंसर लगा है। जब भी इसे छुआ जाता है या चाबी का उपयोग करके कार को अनलॉक किया जाता है तो हैंडल अपने आप बाहर आ जाता है। इसी तरह कार के लॉक होते ही बार वापस अपनी पिछली स्थिति में अंदर की ओर चला जाता है।
पिछले टीजर और स्पाई शॉट्स ने पहले ही XUV700 को पैनोरमिक सनरूफ, हाई-बीम असिस्ट, फ्लश-फिटिंग डोर हैंडल, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट के लिए डैशबोर्ड पर दो इंटीग्रेटेड डिस्प्ले और ड्राइवर डिस्प्ले जैसी प्रीमियम सुविधाओं से लैस दिखाया है। इसमें 360-डिग्री कैमरा, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और एक बिल्ट-इन एयर फिल्टर की पेशकश करने की भी उम्मीद है। साथ ही इसमें ऑटो इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन-कीप असिस्ट, ब्लाइंड-स्पॉट डिटेक्शन और अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं।
XUV700 में डीजल और पेट्रोल इंजन दोनों के विकल्प मिलेंगे। डीजल मॉडल में 2.0 लीटर 4-सिलिंडर इंजन को जोड़ा जा सकता है, जो 185PS का पावर जनरेट करेगा, जबकि इसके पेट्रोल मॉडल में 2.0 लीटर इंजन मिल सकता है, जो 200PS का पावर जनरेट करता है। महिंद्रा द्वारा XUV700 में पेश की गई पेट्रोल और डीजल दोनों यूनिट्स को 6-स्पीड मैनुअल या 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा जा सकता है।
नई XUV700 में कंपनी ने बहुत से लेटेस्ट और सेफ्टी फीचर्स को शामिल किया है। महिंद्रा ने लेवल-अप फीचर्स के रूप में इसमे एक पर्सनलाइज्ड सेफ्टी अलर्ट को शामिल किया है। ये फीचर देश में लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं को कम करने के लिए शामिल किया गया है। टीजर में दिखाया गया था कि यह अलर्ट ओवरस्पीडिंग करते ही सामान्य बीप साउंड की जगह आपके प्रियजन की आवाज में एक सेफ्टी अलर्ट वॉयस मैसेज देगी।
XUV700 की कीमत 14 लाख से 21 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच रखी जा सकती है। महिंद्रा XUV700 अपने सेगमेंट में MG हेक्टर, किआ सेल्टोस, हुंडई क्रेटा और टाटा हैरियर से मुकाबला करेगी।