सिंगल चार्ज पर जबरदस्त रेंज देती हैं ये इलेक्ट्रिक कारें
क्या है खबर?
भविष्य में इलेक्ट्रिक कारें निश्चित रूप से सफल साबित होंगी और पेट्रोल और डीजल कारों को पीछे छोड़ अपना कब्जा जमा लेंगी। हालांकि इलेक्ट्रिक वाहन (EV) इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में भारत अभी काफी पीछे है।
चार्जिंग स्टेशनों की कमी और उच्च कीमतें EVs की राह में सबसे बड़ा अवरोध हैं। EV खरीदार की सबसे बड़ी चिंता सिंगल चार्ज पर वाहन की ड्राइविंग रेंज होती है।
यहां जानिये कौन सी इलेक्ट्रिक कारें आपकी इस चिंता को दूर कर सकती हैं।
#1
MG ZS EV देती है 461 किलोमीटर की रेंज
भारत में MG मोटर्स की पहली इलेक्ट्रिक कार ZS EV को खरीदारों द्वारा अच्छा-खासा पसंद किया गया।
2020 में लॉन्च हुई इस इलेक्ट्रिक SUV को इसी साल मार्च में अपडेट किया गया है।
नई 2022 MG ZS EV में एक 50.3 kWh का बैटरी पैक है जिससे एक बार चार्ज होने पर यह कार 461 किलोमीटर की रेंज दे सकती है।
इस कार की एक्स शोरूम कीमत 22 लाख से 25.88 लाख रुपये है।
#2
हुंडई कोना- ARAI द्वारा प्रमाणित 452 किलोमीटर रेंज
हुंडई की ओर से भारत में पहली इलेक्ट्रिक कार 2019 में लॉन्च की गई हुंडई कोना (Hyundai Kona) थी।
इसमें 39.2 kWh बैटरी है, जो 136 bhp की पावर और 395Nm का टार्क पैदा करने की क्षमता रखती है।
यह करीब 452 किलोमीटर की ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) द्वारा प्रमाणित रेंज देती है। स्टैंडर्ड AC पावर सॉकेट से चार्ज करने में इसे 6 से 7 घंटे लगते हैं
इसकी कीमत 23.71 लाख से 23.90 लाख रुपये (एक्सशोरूम) है।
जानकारी
हुंडई कोना का फेसलिफ्ट मॉडल
वैश्विक स्तर पर हुंडई कोना को 2020 में अपडेट किया जा चुका है। अब भारत इस साल के अंत तक इसका फेसलिफ्ट मॉडल आने की उम्मीद है, जिसकी कीमत करीब 24 से 26 लाख रुपये होने की उम्मीद है।
#3
नई नेक्सन EV मैक्स सिंगल चार्ज पर 437 किलेमीटर
टाटा मोटर्स ने हाल ही में नई नेक्सन EV मैक्स से पर्दा उठाया है। नई नेक्सन EV मैक्स में सबसे बड़ा बदलाव बैटरी में है।
इसमें पहले वाली नेक्सन EV की 30.2 kwh की बैटरी के मुकाबले 40.4 kwh की बैटरी दी गई है, जो 143 hp की पावर देगी। नेक्सन EV मैक्स की ड्राइविंग रेंज सिंगल चार्ज पर 437 किलेमीटर तक है।
इसकी कीमत 17.74 लाख रुपये (एक्सशोरूम) से 19.24 लाख रुपये तक है।
#4
वोल्वो XC40 रिचार्ज- 418 किलोमीटर तक की रेंज
वोल्वो XC40 रिचार्ज देश में वोल्वो की पहली ऑल-इलेक्ट्रिक कार है। यह भारत में पूरी तरह से निर्मित इकाई (CBU) के रूप में जल्द ही आएगी।
वोल्वो XC40 रिचार्ज एक बार चार्ज करने पर 418 किलोमीटर तक की रेंज दे सकेगी।
इंजन को पावर देने के लिए इसमें 78 kWh का बैटरी पैक है, जो 4.7 सेकंड में 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है।
XC40 रिचार्ज 75 लाख रुपये की एक्सशोरूम कीमत पर आयेगी।
#5
मर्सिडीज-बेंज EQC- 414 किलोमीटर की रेंज
मर्सिडीज-बेंज EQC मर्सिडीज की एक इलेक्ट्रिक लग्ज़री SUV है।
इसमें 85 kWh का लिथियम-आयन बैटरी पैक है जो 408 bhp की पावर और 765 Nm का टॉर्क जनरेट करने की क्षमता रखता है। सिंगल चार्ज पर यह 414 किलोमीटर की रेंज दे सकती है।
इसे पिछले साल भारतीय बाजार में 99.30 लाख रुपये की कीमत के साथ पेश किया गया था।
यह इलेक्ट्रिक SUV वॉल-बॉक्स चार्जर से चार्ज होने में लगभग 10 घंटे का समय लेती है।