Page Loader
BMW G 310 GS बनाम जोंटेस 350T: कौनसी बाइक है बेहतर विकल्प?
BMW G 310 GS और जोंटेस 350 T की तुलना

BMW G 310 GS बनाम जोंटेस 350T: कौनसी बाइक है बेहतर विकल्प?

Oct 14, 2022
02:10 pm

क्या है खबर?

चीन की वाहन निर्माता कंपनी जोंटेस (Zontes) ने भारतीय बाजार में एक धमाकेदार शुरुआत के साथ कदम रखा है। कंपनी ने अत्यधिक प्रतिस्पर्धी कीमत के साथ देश में अपनी पांच 350cc मोटरसाइकिलें पेश की हैं। जोंटेस अपनी दमदार 350T मॉडल को बाजार के सब-500cc ADV सेगमेंट की मौजूदा चैंपियन BMW G 310 GS को टक्कर की योजना से लेकर आई है। यहां जानते हैं कि क्या यह नई दावेदार प्रतिष्ठित जर्मन ब्रांड को टक्कर दे सकती है।

जानकारी

जोंटेस देती है कई फर्स्ट-इन-सेगमेंट फीचर्स

चीनी बाइक निर्माता जोंटेस की पेशकश 350T लुक्स में आकर्षक दिखती है और यह कई फर्स्ट-इन-सेगमेंट फीचर्स, जैसे कीलेस स्टार्ट और इलेक्ट्रॉनिक रूप से कंट्रोल होने वाले फ्यूल टैंक कवर के साथ आती है। यह स्ट्रीटफाइटर, स्क्रैम्बलर और ADV सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा करती है और भारतीय बाजार में मुख्य रूप से BMW मोटरराड को चुनौती देती है। हालांकि, यह सिर्फ प्रीमियम मॉडल्स की पेशकश करती है, जिस कारण दिग्गज जर्मन ब्रांड BMW को टक्कर अभी एक कठिन चुनौती होगी।

डिजाइन

जोंटेस 350T का लुक है अधिक आकर्षक

BMW G 310 GS में एक आगे की तरफ एक पक्षी की चोंच नुमा लंबा डिजाइन दिया गया है, जो जोंटेस में भी मिलता है लेकिन उसकी तुलना में कुछ छोटा है। G 310 GS में एक्सटेंशन के साथ एक मस्कुलर फ्यूल टैंक, एक चौड़ा हैंडलबार, एक स्टेप-अप सिंगल-पीस सीट, LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 19-इंच (फ्रंट) और 17-इंच (रियर) अलॉय व्हील हैं। जोंटेस 350T में एक बड़ा 19-लीटर फ्यूल टैंक, एक इलेक्ट्रॉनिक अडजस्टेबल विंडस्क्रीन और 17-इंच के अलॉय व्हील हैं।

इंजन

जोंटेस 350T में मिलता है अधिक दमदार इंजन

BMW G 310 GS में 313cc वाला लिक्विड-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया जाता है, जो अधिकतम 33.5hp की पावर और 28Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करने की क्षमता रखता है। दूसरी ओर, जोंटेस 350T में 348cc का लिक्विड-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 38.8hp का अधिकतम पावर और 32.8Nm का पीक टॉर्क जनरेट कर सकता है। इन दोनों दमदार मोटरसाइकिलों के इंजन को ट्रांसमिशन के लिये छह स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।

सेफ्टी

समान सुरक्षा फीचर्स से लैस हैं दोनों बाइक

राइडर की सुरक्षा के लिये BMW G 310 GS और जोंटेस 350T, दोनों मोटरसाइकिलों में आगे और पीछे के पहियों पर डिस्क ब्रेक दिये गए हैं। इसके साथ इन्हें बेहतर ब्रेकिंग सिस्टम के लिये डुअल चैनल ABS से भी लैस किया गया है। दोनों ही मोटरसाइकिलों पर सस्पेंशन के लिये आगे की तरफ इन्वर्टेड फोर्क्स यूनिट और पीछे की तरफ एक मोनो-शॉक यूनिट दी गई है। इनके अलावा दोनों ही में ऑल LED लाइटिंग सेटअप मिलता है।

न्यूजबाइट्स प्लस

इनमें से कौन है बेहतर विकल्प?

भारत में BMW G 310 GS की एक्स शोरूम कीमत 3.1 लाख रुपये है। वहीं दूसरी ओर, जोंटेस 350T की एक्स शोरूम कीमत 3.37 लाख रुपये से 3.47 लाख रुपये के बीच है। BMW G 310 GS एक प्रीमियम मोटरसाइकिल है जिसमें मजबूत ओर आकर्षक डिजाइन दिया गया है। हालांकि, हमारा वोट जोंटेस 350T के पक्ष में जाता है क्योंकि इसमें BMW की तुलना में अधिक शक्तिशाली इंजन, आधुनिक लुक और बेहतर फीचर्स मिलते हैं।