महिंद्रा XUV700 में मिलेंगे स्मार्ट डोर हैंडल्स, कंपनी ने जारी किया टीजर

बहुप्रतीक्षित महिंद्रा XUV700 जल्द ही भारत में लॉन्च हो सकती है। लॉन्चिंग के पहले कंपनी एक-एक कर इसके स्पेशल फीचर्स को सामने ला रही है। पिछले हफ्ते ही कंपनी ने पर्सनलाइज्ड सेफ्टी अलर्ट फीचर का खुलासा किया था और अब महिंद्रा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसके स्मार्ट डोर हैंडल्स को टीज किया है। कार निर्माता का दावा है कि इस सेगमेंट में पहली बार यह फीचर दिया जा रहा है।
The most standout things are often hidden in plain sight.
— MahindraXUV700 (@MahindraXUV700) July 10, 2021
Say hello to Smart Door Handles!#XUV700 #HelloSmartDoorHandles pic.twitter.com/MdKP6Iili6
स्मार्ट डोर हैंडल्स XUV700 की एक शानदार विशेषता है। इसमें लगा स्मार्ट डोर हैंडल एक चिकना बार है जो बॉडी पैनल के साथ जुड़ा हुआ है। स्मार्ट डोर हैंडलबार पर सेंसर लगा है। जब भी इसे छुआ जाता है या चाबी का उपयोग करके कार को अनलॉक किया जाता है तो हैंडल अपने आप बाहर आ जाता है। इसी तरह कार के लॉक होते ही बार वापस अपनी पिछली स्थिति में अंदर की ओर चला जाता है।
कुछ दिन पहले ही महिंद्रा ने अपनी XUV700 के एक और फीचर को टीज किया था। इसमें महिंद्रा ने लेवल-अप फीचर्स के रूप में एक पर्सनलाइज्ड सेफ्टी अलर्ट को शामिल किया है। ये फीचर देश में लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं को कम करने के लिए शामिल किया गया है। टीजर में दिखाया गया कि यह अलर्ट ओवरस्पीडिंग करते ही सामान्य बीप साउंड की जगह आपके प्रियजन की आवाज में एक सेफ्टी अलर्ट वॉयस मैसेज देगी।
आज के समय में कार में सनरुफ एक आम बात हो गई है। इसलिए महिंद्रा ने अपनी XUV700 को बाकी SUV से अलग बनाने के लिए इसमें सेगमेंट का सबसे बड़ा सनरूफ भी पेश कर रही है। इसे महिंद्रा 'स्काईरूफ' कहा गया है। इसके केबिन का मुख्य आकर्षण मर्सिडीज बेंज के MBQX सेटअप से प्रेरित एक डुअल-स्क्रीन सेटअप होगा, जिसमें एक बड़ा इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन डिस्प्ले है। SUV में हेड-अप डिस्प्ले, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और ADAS जैसी कई नई सुविधाएं मिलेंगी।
XUV700 में डीजल और पेट्रोल इंजन दोनों के विकल्प मिलेंगे। डीजल मॉडल में 2.2 लीटर 4-सिलिंडर इंजन को जोड़ा जा सकता है, जो 185bhp का पावर जनरेट करेगा, जबकि इसके पेट्रोल मॉडल में 2.0 लीटर इंजन मिल सकता है, जो 190hp का पावर जनरेट करता है। महिंद्रा द्वारा XUV700 में पेश की गई पेट्रोल और डीजल दोनों यूनिट्स को 6-स्पीड मैनुअल या 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा जा सकता है।
XUV700 की कीमत 15 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के लगभग रखी जा सकती है और इस महीने के अंत में इसके लॉन्च होने की उम्मीद है। महिंद्रा XUV700 अपने सेगमेंट में MG हेक्टर, किआ सेल्टोस, हुंडई क्रेटा और टाटा हैरियर से मुकाबला करेगी।