क्या ईरान के खिलाफ परमाणु हथियारों का सहारा लेगा इजरायल? डोनाल्ड ट्रंप ने बताई सच्चाई
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कर दिया है कि ईरान के खिलाफ जारी मौजूदा युद्ध में इजरायल परमाणु हथियारों का इस्तेमाल नहीं करेगा। उन्होंने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए भविष्य में इजरायल द्वारा इस तरह के किसी भी कदम की संभावना को खारिज कर दिया। उनकी यह टिप्पणी व्हाइट हाउस के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्रिप्टो प्रमुख डेविड सैक्स के हाल में संभावित तनाव बढ़ने की आशंका जताने के बाद आई है।
बयान
ट्रंप ने क्या दिया बयान?
CNN के अनुसार ट्रंप ने कहा, "ईरान के खिलाफ इजरायल परमाणु हथियार का इस्तेमाल नहीं करेगा। इजरायल कभी ऐसा नहीं करेगा।" उन्होंने अमेरिकी और इजरायली सेनाओं के बीच मजबूत समन्वय पर कहा कि दोनों पक्ष काफी हद तक एकमत हैं, भले ही उनके लक्ष्य बिल्कुल एक जैसे न हों। उन्होंने कहा कि एक पूर्व राष्ट्रपति ने निजी तौर पर उनसे कहा था कि काश उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान ईरान के खिलाफ कार्रवाई की होती। हालांकि, उन्होंने नाम नहीं बताया।
बचाव
ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का बचाव किया
ट्रंप ईरान के खिलाफ अपने प्रशासन की सैन्य कार्रवाइयों को लगातार सही ठहरा रहे हैं, जबकि रिपब्लिकन पार्टी के 'अमेरिका फर्स्ट' समर्थक गुट के कुछ हिस्से असंतोष व्यक्त कर रहे हैं और पेट्रोल की बढ़ती कीमतें उन पर दबाव बढ़ा रही हैं। CNN के अनुसार, उनका कहना है कि ईरान लगभग 50 वर्षों से अमेरिका के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह निर्णायक कार्रवाई बहुत ही जरूरी थी।
समर्थन
उपराष्ट्रपति वैंस ने किया ट्रंप के रुख का समर्थन
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने ट्रंप के रुख का समर्थन करते हुए इस बात पर अपनी दृढ़ता दोहराई कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, "हमने राष्ट्रपति के नेतृत्व में यह सैन्य कार्रवाई की है। हम सभी, चाहे डेमोक्रेट हों या रिपब्लिकन को अपने सैनिकों की सफलता और सुरक्षा के लिए प्रार्थना करनी चाहिए। यह अमेरिका और पश्चिमी देशों की सुरक्षा के लिए बहुत ही जरूरी है।"
पृष्ठभूमि
सैक्स ने जताई थी इजरायल के परमाणु हथियार का इस्तेमाल करने की आशंका
व्हाइट हाउस के AI प्रमुख सैक्स ने गत दिनों इजरायल के परमाणु हथियार का इस्तेमाल करने की आशंका जताते हुए तनाव बढ़ा दिया था। उन्होंने कहा था, "आपको इस बात की चिंता करनी होगी कि इजरायल परमाणु हथियार का इस्तेमाल करने पर विचार करके युद्ध को और बढ़ा सकता है। वह पूरी तरह से ऐसा करने के लिए तैयार नजर आ रहा है।" हालांकि, अब ट्रंप के बयान ने परमाणु हथियार के इस्तेमाल की चर्चा को खत्म कर दिया है।