Loading...
पन्नू हत्याकांड साजिश मामला: अमेरिका ने भारतीय नागरिक के लिए 24 साल सजा की मांग की
गुरपतवंत सिंह पन्नू की कथित हत्या की साजिश मामले में गिरफ्तार भारतीय नागरिक को 24 साल की सजा हो सकती है

पन्नू हत्याकांड साजिश मामला: अमेरिका ने भारतीय नागरिक के लिए 24 साल सजा की मांग की

लेखन आबिद खान
Nov 15, 2026
12:55 pm

क्या है खबर?

खालिस्तान समर्थक अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश से जुड़े मामले में नई जानकारी सामने आई है। अमेरिका के अभियोजकों ने इस मामले में गिरफ्तार किए गए भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 24 साल सजा देने की मांग की है। अभियोजकों ने न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत में ये मांग रखी है। अभियोजकों ने निखिल को साजिश में कथित भूमिका के लिए 293 महीने की जेल की सजा सुनाने का आग्रह किया है।

रिपोर्ट

गुप्ता के वकीलों की मांग- 12 साल की सजा हो

गुप्ता को सजा सुनाए जाने से संबंधी सुनवाई 20 नवंबर को होनी है। उनकी वकीलों ने सजा की अवधि कम करने की मांग की है।

न्यूयॉर्क के अमेरिकी जिला न्यायालय में दायर एक ज्ञापन में गुप्ता के वकीलों ने अदालत के परिवीक्षा विभाग की उस सिफारिश का समर्थन किया है, जिसमें गुप्ता को 144 महीने यानी लगभग 12 साल की सजा देने की बात कही गई है।

जज को लिखे एक पत्र में गुप्ता ने खेद भी व्यक्त किया है।

मामला

क्या है पन्नू की हत्या की कथित साजिश का मामला?

22 नवंबर, 2023 को अमेरिका ने दावा किया था कि उसने पन्नू को मारने की साजिश को नाकाम किया है। अमेरिका ने भारत के इस साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को चेक गणराज्य से गिरफ्तार किया था।

अमेरिका का आरोप था कि साजिश में एक उच्चस्तरीय भारतीय अधिकारी भी शामिल था।

पन्नू की हत्या की साजिश को अमेरिकी अधिकारियों ने हरदीप सिंह निज्जर की हत्या से भी जोड़ा था।

ADVERTISEMENT