मारा गया ओसामा बिन लादेन का बेटा हमजा, अमेरिका के अधिकारियों ने किया दावा

ओसामा बिन लादेन का बेटा हमजा बिन लादेन मारा गया है। अमेरिका के दो अधिकारियों ने इसका दावा किया है। उसकी मौत कैसे और कहां हुई, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। ओसामा के मौत के बाद से हमजा को अल कायदा के नेतृत्व के लिए तैयार किया जा रहा था। उसने अमेरिका पर आंतकी हमले की धमकी भी दी थी। अमेरिका ने उस पर 10 लाख डॉलर का ईनाम घोषित किया था।
हमजा की मौत की दावा करने वाले अधिकारियों ने बताया कि उसे मारने में अमेरिकी प्रशासन ने मदद की थी। उन्होंने बताया कि हमजा को राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकाल के पहले दो सालों के दौरान मार दिया गया था। उनके मुताबिक, फरवरी में अमेरिका द्वारा उस पर 10 लाख डॉलर का ईनाम घोषित किए जाने से पहले ही उसे मार दिया गया था, लेकिन तब अमेरिकी सेना और खुफिया एजेंसियों ने उसकी मौत की पुष्टि नहीं की थी।
बीबीसी के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप और व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन ने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, पाकिस्तान के ऐबटाबाद में मिले कुछ दस्तावेजों से पता चलता था कि हमजा को अल कायदा का सरगना बनाने के लिए तैयार किया जा रहा था। अमेरिका द्वारा उस पर ईनाम घोषित किए जाने के बाद मार्च में सऊदी अरब ने उसकी नागरिकता समाप्त कर दी थी।
हमजा के बारे में ज्यादा जानकारी मौजूद नहीं है। उसके रहने की जगह को लेकर भी अलग-अलग दावे किये जाते हैं। कुछ उसे ईरान में नजरबंद बताते हैं तो किसी के मुताबिक, वह पाकिस्तान, सीरिया या अफगानिस्तान में रहता था। अल कायदा ने अगस्त, 2015 में एक संदेश जारी कर हमजा को 'उसके मिशन को आगे बढ़ाने वाला शेर' बताया था। पिछले कुछ समय से अल कायदा की तरफ से जारी होने वाले नियमित संदेश बंद हो गए हैं।
हमजा, ओसामा की तीन जीवित पत्नियों में से एक खैरिया सबार का बेटा है। खैरिया ऐबटाबाद में ओसामा के साथ रह रही थी। हमजा 2011 में सील कमांडो के ऑपरेशन में बच निकला था। उसका जन्म सऊदी अरब के जेद्दाह में हुआ था। बीबीसी के मुताबिक, उसकी शादी अल कायदा के लिए काम करने वाले अबु मोहम्मद अल मासरी की बेटी से हुई है। मासरी 1998 में कीनिया और तंजानिया में अमेरिका दूतावासों पर हमले के दोषी है।
अमेरिका में हुए आतंकी हमले के बाद वहां की खुफिया एजेंसी CIA ने अल कायदा के शीर्ष नेतृत्व को खत्म कर दिया है। सबसे पहले 2009 में पाकिस्तान में लादेन के बेटे साद बिन लादेन को एक ड्रोन हमले में मार गिराया गया था। उसके बाद सील कमांडो की टीम ने पाकिस्तान में लादेन के घर में घुसकर उसे और उसके बेटे खालिद को मई, 2011 में ढेर कर दिया था। अब 30 वर्षीय हमजा को मार गिराया गया है।
CIA को अब अयमन अल-जवाहिरी की तलाश है, जिसने ओसामा की मौत के बाद अल कायदा का नेतृत्व संभाला था। पूर्व अमेरिका खुफिया अधिकारी के मुताबिक, एजेंसी ने 2012 और 2013 में उसकी तलाश के लिए अभियान शुरू किया था, लेकिन उसके असल ठिकाने का पता लगाने में नाकामयाब रही। हमजा, जवाहिरी के साथ मिलकर तालिबान के साथ संपर्क स्थापित करने में भूमिका निभा रहा था। हमजा की मौत को अल कायदा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।