Page Loader
पाकिस्तानी और अफगानिस्तानी लोगों के अमेरिका में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा सकते हैं डोनाल्ड ट्रंप 
ट्रंप पाकिस्तानी और अफगानिस्तानी लोगों के अमेरिका प्रवेश पर प्रतिबंध लगा सकते हैंे

पाकिस्तानी और अफगानिस्तानी लोगों के अमेरिका में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा सकते हैं डोनाल्ड ट्रंप 

लेखन आबिद खान
Mar 06, 2025
03:16 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जल्द ही एक और बड़ा फैसला ले सकते हैं। खबर है कि वे पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लोगों के अमेरिका आने पर प्रतिबंध लगा सकते हैं। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह प्रतिबंध अगले सप्ताह से लागू भी हो सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप प्रशासन ने सुरक्षा और जोखिमों की जांच के लिए समीक्षा के आधार पर यात्रा प्रतिबंध के लिए देशों की सूची तैयार की है।

रिपोर्ट

क्यों लगाया जा रहा है प्रतिबंध?

ट्रंप ने 20 जनवरी को एक कार्यकारी आदेश जारी किया था, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा खतरों का पता लगाने के लिए अमेरिका में प्रवेश चाहने वाले किसी भी विदेशी की गहन सुरक्षा जांच की जरूरत बताई गई थी। इस आदेश में कैबिनेट सदस्यों को ऐसे देशों की सूची देने को कहा गया था, जिनके नागरिकों की यात्रा आंशिक या पूर्ण प्रतिबंध लगा देने चाहिए। रॉयटर्स से 3 सूत्रों ने कहा कि अन्य देश भी इस सूची में हो सकते हैं।

पिछला प्रतिबंध

ट्रंप ने पहले कार्यकाल में 7 देशों पर लगाया था प्रतिबंध

ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में 7 मुस्लिम बहुल देशों के लोगों के अमेरिका आने पर प्रतिबंध लगा दिया था। इनमें ईरान, इराक, लीबिया, सोमालिया, सुडान, सीरिया और यमन शामिल थे। 2021 में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस प्रतिबंध को हटा दिया था। अक्टूबर 2023 में ट्रंप ने कहा था कि वे गाजा पट्टी, लीबिया, सोमालिया, सीरिया, यमन और सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले किसी भी अन्य स्थान के लोगों को प्रतिबंधित करने का संकल्प लेते हैं।

शरणार्थी

फैसले का अफगान शरणार्थियों पर पड़ेगा असर

नया प्रतिबंध उन हजारों अफगानियों को प्रभावित कर सकता है, जिन्हें शरणार्थी के रूप में या विशेष आप्रवासी वीजा पर अमेरिका में पुनर्वास की मंजूरी दी गई है। ये अफगानिस्तान में तालिबान शासन आने से पहले अमेरिका की मददगार थे, लेकिन अब इन्हें तालिबान के प्रतिशोध का खतरा है। एक सूत्र ने रॉयटर्स को बताया कि विदेश विभाग कार्यालय विशेष अप्रवासी वीजा धारकों के लिए प्रतिबंध से छूट की मांग कर रहा है, लेकिन इसकी मंजूरी मिलना मुश्किल है।

संगठन

अगले हफ्ते आ सकता है प्रतिबंध का आदेश

अमेरिका के साथ अफगानों की निकासी और पुनर्वास का समन्वय करने वाले समूहों के गठबंधन #AfghanEvac के प्रमुख शॉन वैनडाइवर ने कहा, "कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अमेरिकी सरकार के भीतर कई स्रोतों से पता चलता है कि अगले सप्ताह नया यात्रा प्रतिबंध लागू किया जा सकता है। इससे उन अफगान वीजा धारकों पर काफी प्रभाव पड़ सकता है, जो अमेरिका में स्थानांतरण का इंतजार कर रहे हैं।"