LOADING...
इजरायल और अमेरिका का दावा- हमलों में खामेनेई भी मारे गए, ईरान बोला- वे जिंदा
ईरान के सुप्रीम लीडर आयातुल्लाह अली खामेनेई के मारे जाने की खबर है

इजरायल और अमेरिका का दावा- हमलों में खामेनेई भी मारे गए, ईरान बोला- वे जिंदा

लेखन आबिद खान
Mar 01, 2026
04:01 am

क्या है खबर?

इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने की खबर है। एक इजरायली अधिकारी ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को ये जानकारी दी है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा है कि खामेनेई की मौत हो गई है। वहीं, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी एक भाषण में ऐसे ही संकेत दिए हैं। हालांकि, ईरान ने इन खबरों को नकारा है।

बयान

ट्रंप बोले- खामेनेई हमारे ट्रैकिंग सिस्टम से बच नहीं सका

ट्रंप ने कहा, 'इतिहास के सबसे बुरे लोगों में से एक खामेनेई मारा गया। वह हमारे इंटेलिजेंस और बहुत एडवांस्ड ट्रैकिंग सिस्टम से बच नहीं सका। ईरानी लोगों के लिए अपना देश वापस लेने का यह सबसे बड़ा मौका है। हम सुन रहे हैं कि उनके IRGC, सेना और पुलिस अब लड़ना नहीं चाहते हैं। उम्मीद है IRGC और पुलिस शांति से ईरानी देशभक्तों के साथ मिलकर देश को महानता पर वापस लाने के लिए मिलकर काम करेंगे"

ईरान

ईरानी विदेश मंत्री बोले- खामेनेई जिंदा और सुरक्षित

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची का कहना है कि खामेनेई जिंदा है और सुरक्षित जगह पर हैं। ईरान ने अमेरिका-इजरायल पर मेंटल वारफेयर का आरोप लगाया है। ईरान की तस्नीम और मेहर समाचार एजेंसियों ने जानकारी दी है कि सुप्रीम लीडर खामेनेई 'मैदान में अपनी कमान संभालने में पक्के और मजबूत हैं।' तेहरान सिटी काउंसिल के एक सदस्य ने कहा कि खामेनेई के दामाद और बहू हमलों में मारे गए हैं।

Advertisement

नेतन्याहू का बयान

नेतन्याहू बोले- ईरानी सुप्रीम लीडर के मारे जाने के संकेत

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने के संकेत है। उन्होंने कहा, "आज ईरान पर हुए हमलों में सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई का कंपाउंड तबाह हो गया और रिवोल्यूशनरी गार्ड कमांडर और वरिष्ठ अधिकारी मारे गए। ऐसे कई संकेत हैं, जो बताते हैं कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई "अब नहीं रहे"। हालांकि, नेतन्याहू ने इससे जुड़े कोई सबूत नहीं दिए।

Advertisement

अपडेट्स

अब तक के बड़े घटनाक्रम

तेल अवीव में मिसाइल गिरने से कम से कम 21 लोग घायल हुए हैं। दुबई हवाई अड्डे को नुकसान पहुंचा है और 4 लोग घायल हुए हैं। इसे संचालन के लिए बंद कर दिया गया है। इजरायल ने कहा कि उसने 200 लड़ाकू विमानों से एक साथ करीब 500 ठिकानों पर हमला किया। दुबई और बहरीन में ईरानी ड्रोन हमले हुए हैं।दुबई के पाम होटल एंड रिसॉर्ट पर ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल के गिरने का दावा किया जा रहा है।

हमले

हमले में 85 छात्रों समेत 200 से ज्यादा मौतें

ईरान की रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने बताया है कि अमेरिका और इजरायल के हमलों में कम से कम 200 लोगों की मौत हो चुकी है और 747 घायल हुए हैं। रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि ईरानी रक्षामंत्री अमीर नासिरजादेह और IRGC के कमांडर मोहम्मद पाकपोर की मौत हो गई है।ईरान ने कहा कि देश के दक्षिण में एक स्कूल की 85 छात्राओं की मौत हो गई है, जबकि 45 अन्य घायल हैं।

Advertisement