स्पेस-X ने 10 लाख सैटेलाइट डाटा सेंटर लॉन्च की मांगी मंजूरी, सौर ऊर्जा से चलेंगे
क्या है खबर?
अरबपति एलन मस्क की एयरोस्पेस कंपनी स्पेस-X पृथ्वी की परिक्रमा करने वाले 10 लाख उपग्रहों का एक समूह लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डाटा सेंटर्स को बिजली आपूर्ति करने के लिए सूर्य की ऊर्जा का उपयोग करेंगे। इसकी मंजूरी के लिए कंपनी ने अमेरिका के संघीय संचार आयोग (FCC) में दस्तावेज दाखिल किए हैं। आवेदन में इन नियोजित उपग्रहों को AI की बढ़ती मांग को पूरा करने का सबसे कुशल तरीका बताया है।
दावा
आवेदन में क्या किया है दावा?
रायटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, FCC में दायर आवेदन में कहा गया है, "कम परिचालन और रखरखाव लागत के साथ लगभग निरंतर सौर ऊर्जा का सीधे उपयोग करके ये उपग्रह लागत और ऊर्जा दक्षता में क्रांतिकारी बदलाव लाएंगे, साथ ही पर्यावरणीय प्रभाव को भी कम करेंगे।" एलन मस्क को आगे बढ़ने के लिए दूरसंचार नियामक की मंजूरी की आवश्यकता होगी। बता दें कि डाटा सेंटर AI की भौतिक रीढ़ हैं, जिन्हें भारी मात्रा में बिजली की आवश्यकता होती है।
संभावना
क्या इतने उपग्रहों की मिलेगी मंजूरी?
रिपोर्ट्स के अनुसार, स्पेस-X को अंतरिक्ष में 10 लाख उपग्रह स्थापित करने की मंजूरी मिलने की संभावना कम है, क्योंकि वर्तमान में केवल 15,000 उपग्रह ही मौजूद हैं। फिर भी उपग्रह संचालक कभी-कभी डिजाइन में लचीलापन बनाए रखने के लिए तैनाती की निर्धारित संख्या से अधिक उपग्रहों के लिए अनुमोदन का अनुरोध करते हैं। कंपनी ने सिस्टम की तैनाती शुरू करने से पहले 42,000 स्टारलिंक उपग्रहों के लिए अनुमोदन मांगा था, जबकि वर्तमान में लगभग 9,500 उपग्रह तैनात हैं।